क्रेडिट कार्ड ऐप सीईआरडी का मूल्यांकन 80 करोड़ डॉलर पार

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 2:11 AM IST

उपयोगकर्ताओं को क्रेडिट कार्ड बिलों का भुगतान करने की सुविधा प्रदान करने वाला ऐप सीईआरडी ने सी शृंखला के निवेश दौर के तहत 8.1 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। इसके साथ ही कंपनी का मूल्यांकन बढ़कर 80.6 करोड़ डॉलर हो गया है। कंपनी के मौजूदा निवेशक इजराइली-रूसी अरबपति यूरी मिलनर के निवेश फंड डीएसटी ग्लोबल ने इस निवेश दौर का नेतृत्व किया। अन्य निवेशकों में सिकोया कैपिटल, रिबिट कैपिटल, टाइगर ग्लोबल और जनरल कैटलिस्ट शामिल शामिल हैं। सोफीना, कोट्यू और टाइम्स इंटरनेट के सत्यन गजवानी ने भी भाग लिया।
इस प्रक्रिया के दौरान कंपनी के मौजूदा एवं पूर्व कर्मचारियों ने अपने सामूहिक रूप से 12 लाख डॉलर यानी करीब 9 करोड़ रुपये के ईसॉप्स को भुनारया। ईसॉप्स की पुनर्खरीद प्रक्रिया को 1 जनवरी, 2021 को पूरा किया गया। अपने दो साल के परिचालन में सीआरईडी द्वारा ईसॉप्स को भुनाने का यह पहला कार्यक्रम था। कर्मचारियों को 50 फीसदी ईसॉप्स शेयरों को बेचने की अनुमति दी गई थी। सीआरईडी के संस्थापक कुणाल शाह ने कहा, ‘जब हम अगले चरण की वृद्धि को रफ्तार देने के लिए रकम जुटाते है तो हमारी सफलता में कर्मचारियों की भूमिका पर गौर करना महत्त्वपूर्ण हो जाता है। हम उन्हें धन सृजन के अवसरों को भुनाने में समर्थ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इसलिए हमने सी शृंखला के तहत भी ईसॉप्स के लिए 10 फीसदी पूंजी आवंटित की है।’ सीआरईडी शाह का दूसरा उद्यम है। इससे पहले उन्होंने अपने ऑनलाइन रीचार्ज प्लेटफॉर्म फ्रीचार्ज को 2015 में 40 करोड़ डॉलर के एक सौदे के तहत ई-कॉमर्स कंपनी फ्रीचार्ज को बेच दिया था।
महज दो साल के दौरान सीआरईडी प्लेटफॉर्म पर उपयोगकर्ताओं की संख्या 59 लाख से अधिक हो चुकी है। कंपनी देश में क्रेडिट कार्ड बिलों के कुल भुगतान में से करीब 20 फीसदी को प्रॉसेस करती है। भारत में 35 फीसदी से अधिक प्रीमियम क्रेडिट कार्डधारक सीआरईडी प्लेटफॉर्म पर मौजूद हैं।

First Published : January 4, 2021 | 11:29 PM IST