इन्फोसिस का मुनाफा बढ़ा, करेगी पुनर्खरीद

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 5:56 AM IST

देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी सेवा प्रदाता कंपनी इन्फोसिस के वित्त वर्ष 2021 की चौथी तिमाही के नतीजे मिले-जुले रहे। कंपनी का मुनाफा इस दौरान पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में 17.5 फीसदी बढ़कर 5,076 करोड़ रुपये रहा लेकिन तिमाही आधार पर इसमें 2.3 फीसदी की कमी आई। कंपनी का राजस्व चौथी तिमाही में सालाना आधार पर 9.6 फीसदी बढ़कर 26,311 करोड़ रुपये रहा लेकिन तिमाही आधार पर इसमें महज 2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। 31 मार्च 2021 को समाप्त तिमाही में कंपनी का परिचालन मार्जिन 24.5 फीसदी रहा, जो पूरे साल के दौरान 320 आधार अंक बढ़ा।
इन्फोसिस के निदेशक मंडल ने 6,400 करोड़ रुपये के अंतिम लाभांश सहित 15,000 करोड़ रुपये शेयरधारकों को वापस लौटाने की सिफारिश की है। कंपनी 9,200 करोड़ रुपये का पुनर्खरीद करेगी। लेकिन खुले बाजार से पुनर्खरीद 1,750 रुपये प्रति शेयर के भाव से ज्यादा पर नहीं होगी। इन्फोसिस के  मुख्य वित्त अधिकारी नीलांजन रॉय ने कहा, ‘शेयर पुनर्खरीद कंपनी की नीति के अनुरूप है। पूंजी आवंटन नीति के तहत कंपनी ने प्रति शेयर कुल लाभांश पिछले साल से 54 फीसदी बढ़ा दिया है और 9,2000 करोड़ रुपये के पुनर्खरीद की मंजूरी दी है।’
वित्त वर्ष 2019 में इन्फोसिस ने राजस्व और मार्जिन अनुमान को पूरा करने में सफल रही। वित्त वर्ष 222 के लिए कंपनी ने स्थिर मुद्रा पर आय में 12 से 14 फीसदी वृद्घि का अनुमान लगाया है, वहीं परिचालन मार्जिन 22 से 24 फीसदी के दायरे में रहने का अनुमान है।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि वे आगे मांग को लेकर आश्वस्त हैं क्योंकि ग्राहक क्लाउड और डिजिटल पर ज्यादा खर्च कर रहे हैं। हालांकि वेतन वृद्घि से कंपनी के मार्जिन पर असर पड़ेगा।
इन्फोसिस के मुख्य कार्याधिकारी और प्रबंध निदेशक सलिल पारेख ने कहा कि यह असाधारण साल रहा। कंपनी के डिजिटल कारोबार की कंपनी की कुल आय में हिस्सेदारी अब 51.5 फीसदी हो गई है, जो सालाना आधार पर 34 फीसदी बढ़ी है। 14.1 अरब डॉलर का बड़ा सौदा इस साल अहम रहा।
प्रतिस्पर्धी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) से तुलना करें तो सालाना आधार पर इन्फोसिस का प्रदर्शन बेहतर रहा है लेकिन तिमाही वृद्घि के मामले में वह टीसीएस से पीछे रही है।
आईसीआईस्ीआई डायरेक्ट रिसर्च की रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2021 की चौथी तिमाही इन्फोसिस के लिए मिलाजुला रहा। कंपनी ने दो अंक में आय बढऩे का अनुमान लगाया है और वेतन वृद्घि के बावजूद कंपनी ने मार्जिन को बनाए रखा है। पिछली कुछ तिमाही से इन्फोसिस की आय बढ़ रही है और मार्जिन के लिहाज से टीसीएस और उसके बीच अंतर कम हो रहा है।

First Published : April 14, 2021 | 11:18 PM IST