दवा निर्माता कंपनी अरविंदो फार्मा ने दुनिया की सबसे बड़ी दवा कंपनी फाइजर को अपनी कुछ जेनरिक दवाइयों के लिए लाइसेंस देने की घोषणा की है।
अरविंदो फार्मा ने अमेरिका के लिए बनाए जाने वाले करीब 39, यूरोप के लिए 22 और फ्रांस के लिए 11 जेनरिक दवाइयों का लाइसेंस फाइजर को बेच दिया है। इन दवाइयों का इस्तेमाल कार्डियोवैस्कुलर बीमारी और तंत्रिका तंत्र से संबंधित बीमारियों में किया जाता है।
फाइजर इन दवाओं को अपनी सहायक कंपनी ग्रीनस्टोन के जरिए बेचेगी। इसके साथ ही फाइजर ने अमेरिका के लिए 12 इंजेक्टेबल उत्पादों का भी लाइसेंस प्राप्त किया है। यह सौदे के प्रारूप और रकम का अभी खुलासा नहीं किया गया है। लेकिन इतना तय है कि इन उत्पादों के जरिए जेनरिक दवाओं के क्षेत्र फाइजर की पैठ और मजबूत होगी।
फाइजर के मुताबिक, पूरी दुनिया में जेनरिक दवाओं का बाजार 270 अरब डॉलर के करीब है। वहीं कंपनी का अनुमान है कि जेनरिक दवाओं का बाजार तेजी से बढ़ेगा और अगले पांच सालों में इसका कारोबार 500 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। गौरतलब है कि फाइजर सालाना करीब 10 अरब डॉलर की नॉन-एक्सक्लूसिव दवाओं की बिक्री करती है।