ईवी के लिए रकम जुटा रही अशोक लीलैंड

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 9:16 PM IST

वाणिज्यिक वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी अशोक लीलैंड ने आज कहा कि वह अपनी इलेक्ट्रिक वाहन इकाई स्विच मोबिलिटी के विस्तार एवं प्रौद्योगिकी में निवेश के लिए 20 से 30 करोड़ डॉलर जुटाने की योजना बना रही है। अशोक लीलैंड के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी गोपाल माधवन ने कहा, ‘इलेक्ट्रिक वाहन कारोबार फिलहाल सभी के लिए नया है। प्रौद्योगिकी में काफी निवेश करने की जरूरत है। हम 20 से 30 करोड़ डॉलर जुटाने की योजना बना रहे हैं और उसके बाद जरूरत पडऩे पर विचार किया जाएगा।’ कंपनी ने कहा कि वह स्विच मोबिलिटी और ई-मोबिलिटी एज अ सर्विस के लिए निवेशकों के साथ काफी सक्रियता से बातचीत कर रही है। जुलाई 2021 में अमेरिकी ड्राइवट्रेन विनिर्माता डाना ने स्विच में 1.8 करोड़ डॉलर के निवेश से 1 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी।
 
स्विच मोबिलिटी स्पेन की अपनी नई इकाई में एक नया विनिर्माण एवं प्रौद्योगिकी केंद्र भी स्थापित करने जा रही है। इसी इकाई में कंपनी यूरोपीय बाजार के लिए खासतौर पर डिजाइन की गई अपनी पहली इलेक्ट्रिक बस का उत्पादन करेगी। नवंबर 2021 में कंपनी के बोर्ड ने अशोक लीलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन कारोबार को उसकी सहायक इकाई स्विच मोबिलिटी ऑटोमोटिव में 240 करोड़ रुपये में हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। स्विच इलेक्ट्रिक वाहन श्रेणी में बसों और वाणिज्यिक वाहनों के लिए एक स्वतंत्र मूल उपकरण विनिर्माता के तौर पर परिचालन करेगी। अशोक लीलैंड की नजर निर्यात बाजार पर भी है और वह सार्क देशों के अलावा पश्चिम एशिया और अफ्रीका पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इसके अलावा कंपनी वैकल्पिक ईंधन की पूरी शृंखला में अपनी मौजूदगी दर्ज करने के लिए काम कर रही है।
 

First Published : February 14, 2022 | 10:44 PM IST