मार्च तिमाही के दौरान ऐपल इंडिया की रिकॉर्ड बिक्री

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 4:51 AM IST

उपभोक्ता तकनीकी कंपनी ऐपल ने जनवरी-मार्च तिमाही में रिकॉर्ड कारोबार किया। इस दौरान कंपनी के सभी प्रमुख उत्पादों की जबरदस्त बिक्री हुई है। इस तिमाही में पर्सनल कंप्यूटर की अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की और स्मार्टफोन बाजार में वह एक बार फिर चोटी पर बैठ गई। भारत में आईपैड कारोबार भी तेजी से बढ़ा है। 
हाल तक ऐपल अपने प्रमुख उत्पादों स्मार्टफोन, नोटबुक और टैबलेट की बिक्री बढ़ाने के लिए जूझ रही थी। लेकिन मार्च तिमाही में ब्रांड ने रिकॉर्ड प्रदर्शन किया और देश के उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में अपनी जगह पुख्ता कर ली है।

शोध फर्म आईडीसी के आंकड़ों के अनुसार जनवरी से मार्च के दौरान ऐपल ने भारत में जितने पर्सनल कंप्यूटर बेचे उतने पहले किसी तिमाही में नहीं बेचे थे। ऐपल इस श्रेणी में पहली बार चीन की कंपनी आसुस के साथ पांचवें स्थान पर काबिज हुई है। मैक की शिपमेंट पिछले साल की समान तिमाही की तुलना में 336 फीसदी बढ़ी है और स्थानीय पीसी बाजार में ब्रांड की हिस्सेदारी 5.4 फीसदी हो गई है। इस दौरान कंपनी ने 1,67,000 मैक बाजार में पहुंचाए, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में आंकड़ा केवल 38,000 था। ऐपल उपभोक्ता पीसी सेगमेंट में एचपी, लेनोवो और डेल के बाद चौथे स्थान पर पहुंच गई है। 
अग्रणी कंपनी डेल और एसर की बिक्री तिमाही आधार पर घटी है जबकि ऐपल की बिक्री में 45.3 फीसदी का इजाफा हुआ है। देश का कुल पीसी बाजार 73 फीसदी बढ़ा है, जबकि ऐपल की वृद्घि दर इससे करीब पांच गुनी अधिक है। ऐपल के लिए आईफोन के बाद मैक दूसरी सबसे बड़ी उत्पाद श्रेणी है।

स्मार्टफोन कारोबार में भी ऐपल का प्रदर्शन शानदार रहा है। आईडीसी के अनुसार आईफोन 11 और 12 सबसे ज्यादा बिकने वाले प्रीमियम हैंडसेट रहे, जिनकी बदौलत कंपनी को एक-तिहाई प्रीमियम स्मार्टफोन बाजार (37,000 रुपये से अधिक कीमत वाले फोन) पर कब्जा जमाने में मदद मिली। 
उद्योग के अनुमान के अनुसार आईफोन की बिक्री मार्च तिमाही में करीब दोगुनी रही और देश में ऐपल की स्मार्टफोन बिक्री में करीब 143 फीसदी का इजाफा हुआ है। स्मार्टफोन बाजार में ऐपल छठा सबसे बड़ा ब्रांड है।

टैबलेट बाजार की बात करें तो ऐपल की किस्मत पलटी है और आईपैड की बिक्री में तेजी आई है। साइबरमीडिया रिसर्च (सीएमआर) के अनुसार मार्च तिमाही में टैबलेट बाजार में आईपैड के बल पर कंपनी पहली बार सैमसंग को पछाड़कर दूसरे स्थान पर काबिज हो गई। ऑनलाइन पढ़ाई के बढ़ते चलन से आईपैड की बिक्री मार्च तिमाही में 144 फीसदी बढ़ी है और इस बाजार में ब्रांड की हिस्सेदारी 29 फीसदी हो गई है। दिसंबर तिमाही में आईपैड की बिक्री पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 135 फीसदी बढ़ी थी।
हालांकि कोविड महामारी की दूसरी लहर ने कंपनी की वृद्घि पर ब्रेक लगाने का काम किया है। स्थानीय स्तर पर लॉकडाउन से अप्रैल में कंपनी के उत्पादों की मांग और आपूर्ति दोनों प्रभावित हुई है। आईडीसी इंडिया में असोसिएट शोध प्रबंधक जयपाल सिंह के अनुसार ऐपल सहित सभी पीसी कंपनियों को अगले कुछ महीनों तक अनिश्चितता का सामना करना होगा। लॉकडाउन से ग्राहकों की बिक्री, सरकारी परियोजनाओं में देरी और देश में आपूर्ति पर असर पड़ रहा है। इसके साथ ही स्मार्टफोन, पीसी और टैबलेट जैसी गैर जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति पर बंदिशों के कारण जून तिमाही में कंपनी की बिक्री पर प्रतिकूल असर पडऩे की आशंका है।

आईडीसी की उपासना जोशी ने कहा, ‘ऐपल की बिक्री पर व्यापक असर पडऩे की आशंका है क्योंकि इसके अधिकतर खुदरा आउटलेट और प्रमुख शहरों के शॉपिंग मॉल आदि बंद पड़े हैं।’ देश में ऐपल के 70 फीसदी से ज्यादा उत्पादों की बिक्री ऑफलाइन माध्यम से होती है। इसके अलावा प्रमुख आपूर्तिकर्ता फॉक्सकॉन द्वारा उत्पादन में कटौती किए जाने से कंपनी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है।

First Published : May 13, 2021 | 11:24 PM IST