उत्पादों को सीधे बेचने वाली एफएमसीजी कंपनी एमवे इंडिया बिक्री के लिए ई-कॉमर्स की राह पकड़ रही है।
इसके लिए कंपनी ने अपनी वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एमवे डॉट इन पेश की है। यह वेब पोर्टल कंपनी को 2010 तक 3,00 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व कमाने के अपने लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेगा।
इसके अलावा कंपनी का लक्ष्य ऑनलाइन का फायदा उठाकर अपने मौजूदा वितरण नेटवर्क को देशभर में फैले 5 लाख एमवे से जुड़े लोगों की संख्या को आगे बढ़ाने का भी है।
इसके साथ ही कंपनी अर्ध-शहरी इलाकों में ग्राहकों की पहुंच कंपनी की उत्पाद शृंखला तक बढ़ाना चाहती है।
एमवे इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्याधिकारी बिल पिनकनी ने कहा, ’10 साल में 91 करोड़ रुपये से बढ़कर 800 करोड़ रुपये तक पहुंचने के साथ अब हम विकास और विस्तार पर ध्यान दे रहे हैं। इसके लिए हमें और अधिक ग्राहकों तक अपनी पहुंच बढ़ाने की जरूरत है। हमें विश्वास है कि हमारी इंटरनेट पर बढ़ती मौजूदगी कंपनी विकास को आगे बढ़ाएगी।’
कंपनी की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एमवे डॉट इन से एमवे के एजेंटों (एबीओ) को हर समय उनके कारोबार से जुड़ी जानकारी मिलती रहेगी और वे कहीं से भी किसी भी समय अपना ऑर्डर दे सकते हैं।
एमवे की यह वेबसाइट माइक्रोसॉफ्ट कंपनी ने बनाई है। वेबसाइट भारत में एमवे के 4 लाख से अधिक एजेंट्स को केंद्रित समाधान मुहैया कराएगी।