एयरटेल ने रोके नेटकोर के एसएमएस

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 08, 2022 | 5:42 AM IST

दूरसंचार क्षेत्र की दिग्गज ऑपरेटर कंपनी भारती एयरटेल ने कई वेबसाइट चलाने वाले राजेश जैन की कंपनी नेटकोर सॉल्युशंस की मुफ्त एसएमएस अलर्ट सेवा बंद कर दी है।


कंपनी का आरोप है कि नेटकोर देश में लागू दूरसंचार दिशानिर्देशों का ठीक तरीके से पालन नहीं कर रही है।एयरटेल के इस कदम की वजह से देश भर में कंपनी के ग्राहक अब समाचार, शेयर बाजार, क्रिकेट की जानकारी, चुटकुले और बॉलीवुड की सामग्री एसएमएस के जरिये मुफ्त में हासिल नहीं कर पाएंगे।

नेटकोर इस समय ‘माई टुडे’ ब्रांड के तहत देश भर में 38 लाख से भी ज्यादा लोगों को जानकारी भरे एसएमएस की ये सेवाएं मुहैया कराती है। जैन इंडियावर्ल्ड कम्युनिकेशंस के संस्थापक हैं। यह छोटी सी कंपनी थी, जिसने बाद में भारत संबंधी वेबसाइटों का एक बड़ा जखीरा शुरू कर दिया था।

1999 में सिफी ने तकरीबन 500 करोड़ रुपये में इस कंपनी को खरीद लिया था। इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया, ‘एयरटेल का आरोप है कि नेटकोर की यह एसएमएस सेवा भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की राष्ट्रीय डू नॉट कॉल रजिस्ट्री के अनुरूप नहीं है, इसीलिए इसे बंद कर दिया गया है। इस मसले पर दोनों कंपनियों की बातचीत चल रही है।’

ट्राई की डू नॉट कॉल रजिस्ट्री के मुताबिक जो मोबाइल फोन उपभोक्ता इस पर अपना पंजीकरण करा लेते हैं, उनके फोन पर व्यावसायिक एसएमएस या कॉल नहीं भेजी जा सकतीं। इन्हें अवांछित कॉल किसी भी तरह नहीं माना जाता है।

नेटकोर के प्रबंध निदेशक राजेश जैन ने भी एयरटेल के इस कदम की पुष्टि की। उन्होंने कहा, ‘एयरटेल ने उन लाँग कोड को ब्लॉक कर दिया है, जिनकी मदद से हम लोगों को अपना ग्राहक बनाते थे। ये नंबर 9845398453 और 9845298452 हैं।

कंपनी का कहना है कि उसे कुछ शिकायतें मिली हैं। हम भारती एयरटेल और ट्राई दोनों से बात कर रहे हैं और मामला जल्द सुलझ जाने की हमें उम्मीद है।’

जैन ने कहा कि माईटुडे के तहत दी जाने वाली सेवाएं अवांछित नहीं हैं, बल्कि वैकल्पिक हैं। इन सेवाओं को लेने के लिए ग्राहक को अपने मोबाइल नंबर से एसएमएस भेजना पड़ता है। भारती एयरटेल ने इस बारे में भेजे गए मेल का कोई जवाब नहीं दिया।

आरोप भरा एसएमएस

नेटकोर देती है ग्राहकों को एसएमएस के जरिये शेयर बाजार, क्रिकेट, फिल्मों की जानकारी, समाचार और चुटकुले

कंपनी के 38 लाख से भी ज्यादा ग्राहक

एयरटेल ने अचानक बंद कर दी सेवा

First Published : November 26, 2008 | 10:34 PM IST