हवाई मुसाफिर हुए हवा, बस और रेल करेंगी दवा

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 1:45 AM IST

मंदी की मार ऑनलाइल ट्रैवल कारोबार पर बुरी तरह पड़ रही है और तमाम ट्रैवल पोर्टल इसके शिकार  हो रहे हैं।
दिलचस्प है कि उन पर मार सीधी नहीं पड़ रही है, बल्कि गर्दिश में चल रहे होटल और विमानन उद्योग की चोट उन्हें भी झेलनी पड़ रही है। हवाई मुसाफिरों की कमी को देखकर कारोबार पटरी पर लाने के लिए अब ये पोर्टल बस और रेल का आसरा तकने लगे हैं।
ट्रैवल पोर्टलों ने या तो अपने कारोबारी मॉडलों में छोटे-मोटे बदलाव कर दिए हैं या करने पर विचार कर रही हैं। इन बदलावों में बस टिकट, रेलवे बुकिंग और ऑनलाइन बिजनेस टूल को शामिल किया जा रहा है।
ऑनलाइन पर्यटन कारोबार की दिग्गज कंपनी मेकमाई ट्रिप ने मंदी को देखते हुए लगभग दो-तीन महीने पहले ही बस टिकट बुकिंग का भी काम शुरू कर दिया था। मेकमाई ट्रिप ने हाल में डीटीएच कंपनी एयरटेल डीटीएच टीवी से भी एक करार किया है।
इसके तहत कंपनी अपने हॉलीडे पैकेज आईट्रैवल चैनल के जरिये एयरटेल डीटीएच के ग्राहकों को पहुंचा सकेगी। कंपनी के मुताबिक वह मौजूदा दौर में भारतीय पर्यटकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए नई-नई सेवाएं मुहैया करा रही है।
कंपनी का यह भी कहना है कि उसने अपनी पहुंच ऑनलाइन और मोबाइल से आगे बढ़ाते हुए अब टेलीविजन के दर्शकों तक बढ़ाई है। पर्यटन उद्योग के मुताबिक 2010 तक भारत में होने वाले कुल पर्यटन बाजार का एक बड़ा हिस्सा 23 प्रतिशत ऑनलाइन कारोबार से हासिल होगा।
उद्योग जगत के विशेषज्ञों का मानना है कि कारोबार की रफ्तार को बरकरार रखने के लिए पोर्टलों को नई सेवाएं देनी ही होंगी, ताकि बाजार में मौजूद कड़े मुकाबले में वे खुद को बचा सकें।
यात्रा डॉट कॉम के कारोबार प्रमुख (होटल) दीपक का कहना है, ‘हम अपने कारोबार को और आगे बढ़ाने के लिए छोटे कारोबारियों, एसमएई से जुड़े लोगों को इसमें शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं। हम उनके लिए एक ऐसा बिजनेस टूल तैयार कर रहे हैं, जिसके जरिये वे खुद-ब-खुद अपनी बुकिंग कर लेंगे। हमारा विचार अगले महीने से इस सेवा को पेश करने का है।’
ट्रैवल वेब पोर्टल में बस टिकट बुकिंग की सबसे पहले शुरुआत करने वाले ईजीगो1 डॉट कॉम अब जल्द ही रेलवे बुकिंग भी शुरू करने वाला है। 

कंपनी की मुख्य परिचालन अधिकारी नीलू सिंह का कहना है, ‘आज पर्यटक छुट्टियां मनाने के लिए सस्ते विकल्पों की ओर बढ़ रहे हैं। वे रेलवे या बस से सफर करने में हिचकते नहीं हैं। इसे ध्यान में रखते हुए हम जल्द ही ईजीगो1 के जरिये रेल बुकिंग भी शुरू करने वाले हैं।’
‘ईजीगो1 डॉट कॉम ऑनलाइन बस टिकटों की बुकिंग में एक बड़ा बाजार देख रहा है। वेब पोर्टल का यह कारोबार देशभर में 1,000 से अधिक मार्गो पर फैला हुआ है। 

हम कई बस ऑपरेटरों के माध्यम से यह सुविधा उपलब्ध कराते हैँ और वह भी हमारी वेबसाइट पर आना चाहते हैं, जिससे उन्हें अच्छा प्लैटफॉर्म मिले और उनकी बुकिंग बढ़ सके।’ ईजीगो1 को रोज लगभग 500 बुकिंग्स मिल रही हैं, जिसे लेकर पोर्टल काफी उत्साहित है।
ट्रैवलचाचा डॉट कॉम की महाप्रबंधक पी. एच. गुनेश्वरी बताती हैं, ‘हम एक साल से दिल्ली से हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़, जयपुर आदि के लिए वोल्वो पैकेज उपलब्ध करा रहे हैं। वोल्वो पैकेज में मार्जिन बहुत कम है। लेकिन इस बार मंदी को देखते हुए हम गर्मियों की छुट्टियों से इसे जोड़ने की कोशिश करेंगे।’
वेब पोर्टलों के अलावा पर्यटन से जुड़ी दूसरी कंपनियां भी रेल बुकिंग को शुरू करने पर विचार कर रही हैं। इनमें कॉक्स ऐंड किंग्स इंडिया लिमिटेड भी शामिल है। 

उसके प्रवक्ता का कहना है, ‘अभी तक कंपनी ने रेल बुकिंग का कारोबार नहीं किया है, लेकिन हो सकता है कि अगले कुछ साल में हम इस बारे में भी विचार करने लगें।’
कॉर्पोरेट बुकिंग धीमी पड़ी तो एसएमई को लुभाने की शुरू हो गई कवायद

बस टिकट बुकिंग पर कैश बैक और रेलवे बुकिंग में भी मुस्तैद

First Published : February 20, 2009 | 12:10 AM IST