अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) अपनी निर्माणाधीन परिसंपत्तियों के लिए पूंजी जुटाने के लिए करीब एक दर्जन विदेशी बैंकों के साथ समझौता करने की संभावना तलाश रही है। कंपनी 12 गीगावॉट के निर्माणाधीन और अनुबंधित पोर्टफोलियो के लिए 1.8 अरब डॉलर जुटाएगी, जिसमें 8 गीगावॉट क्षमता का देश का पहला सौर विद्युत संयंत्र निर्माण शामिल है।वित्तीय नतीजों की घोषणा के बाद एजीईएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्याधिकारी विनीत एस जैन ने कहा कि देश का कुल अक्षय ऊर्जा पोर्टफोलियो 14.6 गीगावॉट का है जिसमें से 2.6 गीगावॉट को शुरू किया जा चुका है। जैन ने कहा, ‘एजीईएल निर्माणाधीन परियोजनाओं के वित्त पोषण के लिए 1.8 अरब डॉलर का समझौता करने की प्रक्रिया में है।’
एजीईएल ने वित्त वर्ष 2020-21 की जून तिमाही में 51.27 करोड़ रुपये का कर-पूर्व लाभ दर्ज किया, जबकि वित्त वर्ष 2019-20 की समान अवधि के दौरान उसे 131.24 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा था। वित्त वर्ष 2021 की पहली तिमाही के दौरान कंपनी की कुल आय पिछले साल की समान अवधि के 675.23 करोड़ रुपये से बढ़कर 878.14 करोड़ रुपये हो गई।
कंपनी की वित्त पोषण योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए एजीईएल के कार्यकारी निदेशक सागर अदाणी ने कहा, ‘हम भारतीय बैंकों से निर्माण गतिविधि के लिए रकम जुटाएंगे और जब ये परियोजना चालू हो जाएगी, हम अंतरराष्ट्रीय बॉन्ड फंडिंग के साथ पोर्टफोलियो को पुनर्वित्त करेंगे।’