आर्थिक मंदी से जूझ रही विमानन कंपनी जेट एयरवेज के वरिष्ठ प्रबंधन ने स्वेच्छिक रूप से वेतन में 25 फीसदी की कटौती की योजना को अंतिम रूप दे दिया है, जो 8 दिसंबर से प्रभावी होगी।
कंपनी में 75,000 रुपये प्रति महीने से अधिक का वेतन पाने वाले कर्मचारियों के वेतन से अगले 12 महीनों में यह कटौती की जाएगी। एयरलाइन ने एक बयान में कहा है कि कंपनी के अन्य कर्मचारियों की तरह पायलटों के पारिश्रमिक में भी कटौती की जाएगी और भत्ता को तर्कसंगत बनाया जाएगा।
75,000 रुपये प्रति महीने से अधिक का वेतन पाने वाले कर्मचारियों ने 23 नवंबर को वेतन में कटौती पर सहमति जता दी थी। हालांकि भारतीय पायलटों ने एयरलाइन से 240 विदेशी पायलटों की छंटनी करने को कहा है।
आर्थिक मंदी और तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण वायु यातयात में कमी आने के बाद लागत में कटौती की योजना के तहत जेट अपने नेटवर्क को घटा रही है। इस साल जुलाई में तेल की कीमतें 147 डॉलर प्रति बैरल की ऊंचाई पर पहुंच गई थीं।
मांग में कमी आने के कारण विमानन कंपनी अपने मार्गों, फ्रिक्वेंसी और क्षमता में कमी ला रही है। कंपनी अपनी विस्तार योजनाओं पर भी आगे नहीं बढ़ रही है और नए विमानों की डिलीवरी से भी हाथ खींच रही है।
कंपनी आर्थिक मंदी से बचने के लिए कंपनी में कर्मचारियों के भत्ते को तर्कसंगत बनाए जाने, नई भर्तियां नहीं करने, ओवरटाइम समाप्त करने, महंगे होटलों पर खर्च को समाप्त करने पर भी विचार कर रही है।