कमोडिटी

Gold Price Crash: फेड के सख्त रुख और मजबूत डॉलर से टूटा सोना, लगातार तीसरे सप्ताह आई भारी गिरावट

मजबूत डॉलर और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने के संकेतों के चलते सोने में लगातार तीसरे हफ्ते गिरावट आई। हाजिर सोना 4,145 डॉलर प्रति औंस पर आ गया

Published by
एजेंसियां   
Last Updated- June 19, 2026 | 10:31 PM IST

शुक्रवार को सोने की कीमतों में कमजोरी आई। इस तरह इस धातु में लगातार तीसरे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई है। गिरावट की वजह मजबूत अमेरिकी डॉलर और फेडरल रिजर्व का सख्त रुख है।

सोने के हाजिर भाव में 1.5 प्रतिशत की गिरावट आई और यह जीएमटी समय 11.07 बजे पर 4,145.02 डॉलर प्रति औंस पर था। इससे पहले यह 11 जून के बाद अपने सबसे निचले स्तर 4,119.78 डॉलर पर चला गया था। यह 5 जून से 200-दिन के मूविंग एवरेज से नीचे कारोबार कर रहा है। अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 1.9 प्रतिशत गिरकर 4,163.20 डॉलर पर आ गया।

डॉलर साप्ताहिक तेजी की ओर बढ़ रहा है। इस कारण अन्य मुद्राओं वाले धारकों के लिए डॉलर-मूल्य वाली धातुएं थोड़ी महंगी हो गई हैं।

सोने के लिए गिरावट वाले बाजार में और नीचे जाने तथा 4,000 डॉलर प्रति औंस के स्तर से भी नीचे गिरने का स्पष्ट खतरा बना हुआ है, क्योंकि यह कीमती धातु लगातार मुश्किल हालात का सामना कर रही है।

जेफरीज की कंपनी ट्रेडू डॉट कॉम के वरिष्ठ बाजार विश्लेषक निकोस जाबोरस ने कहा, ‘लंबे समय तक ब्याज दरें ऊंची रहने की फेड की उम्मीदें बिना रिटर्न वाली परिसंपत्तियों के लिए नुकसानदेह हैं, जबकि इससे डॉलर को फायदा होता है।’

बुधवार को जारी अनुमानों के मुताबिक, अमेरिका के केंद्रीय बैंक के 19 नीति निर्माताओं में से नौ का मानना है कि उन्हें इस साल फेड की पॉलिसी रेट बढ़ानी होगी। हालांकि, फेड के बोर्ड ने अभी दर को मौजूदा 3.50-3.75 प्रतिशत के दायरे में ही बनाए रखने का फैसला किया है।

सीएमई फेडवॉच टूल के अनुसार, कारोबारियों को अभी सितंबर तक फेड द्वारा दर बढ़ाने की 70 फीसदी संभावना दिख रही है।

जाबोरस ने कहा, ‘सोने की चाल अमेरिका-ईरान बातचीत से जुड़े घटनाक्रम, अगले सप्ताह आने वाले अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों और इस बात पर निर्भर करेगी कि बाजार आगे फेड के कदमों को कैसे देखता है।’

गोल्डमैन सैक्स ने दिसंबर तक सोने की कीमतों का अपना अनुमान 5,400 डॉलर से घटाकर 4,900 डॉलर प्रति औंस कर दिया है। 

First Published : June 19, 2026 | 10:17 PM IST