टेक-ऑटो

Instagram और Facebook पर लॉगिन का तरीका बदलने वाला है

अब OTP की जरूरत नहीं! WhatsApp, Facebook और Instagram पर आया बड़ा बदलाव

Published by
गुलवीन औलख   
Last Updated- June 05, 2026 | 8:10 AM IST

वोडाफोन आइडिया (वी) और मेटा ने आज एक साझेदारी के तहत मेटा के प्लेटफॉर्म – व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर देश की तीसरी सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी वी के ग्राहकों के लिए साइलेंट मोबाइल वेरिफिकेशन पेश करने का ऐलान किया।

नेटवर्क-आधारित यह प्रमाणीकरण समाधान उपयोगकर्ताओं को पंजीकरण, मोबाइल नंबर सत्यापन, लॉगिन और री-लॉगिन, एकाउंट रिकवरी तथा सुरक्षा जांच के दौरान बैकग्राउंड में वैरिफाई करता है। इसके लिए उपयोगकर्ताओं को वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) दर्ज करने की जरूरत नहीं होती है।

जब वी का कोई उपयोगकर्ता इस दूरंसचार कंपनी के मोबाइल नेटवर्क पर व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम ऐक्सेस करता है, तो वेरिफिकेशन अनुरोध नेटवर्क द्वारा ही वैलिडेट किया जाता है। कंपनियों ने बयान में कहा कि इससे ऑनबोर्डिंग तेज होगी, मैन्युअल कदम कम होंगे तथा फिशिंग और डिजिटल पहचान के जोखिमों के खिलाफ सुरक्षा बढ़ेगी। भारत मेटा के सभी प्लेटफॉर्म के मामले में सबसे बड़ा बाजार है। अप्रैल 2026 तक वी के 19.85 करोड़ ग्राहक थे।

वोडाफोन आइडिया के मुख्य कार्य अधिकारी अभिजीत किशोर ने कहा, ‘मेटा के साथ अपनी साझेदारी के जरिये हम ऐसी साइलेंट मोबाइल वेरिफिकेशन क्षमताएं ला रहे हैं जो साइबर सुरक्षा बढ़ाती हैं और धोखाधड़ी के जोखिम कम करती हैं। साथ ही देश के कुछ सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपयोगकर्ताओं को बिना किसी रुकावट के ऑथेंटिकेशन का अनुभव देती हैं।’

 

First Published : June 5, 2026 | 8:10 AM IST