भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने आज कहा कि सीबीआई के नये निदेशक की नियुक्ति को लेकर निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई गयी है। इसको लेकर किसी प्रकार का विवाद आधारहीन मुद्दा है। सीबीआई निदेशक जैसे पद के लिए रंजीत एक वरिष्ठ और सक्षम अधिकारी हैं।
उन्होंने कहा कि सीबीआई के नए निदेशक का चुनाव उच्चतम न्यायालय द्वारा बनायी गयी कमेटी की अनुशंसा पर किया गया है और केंद्रीय सतर्कता आयोग :सीवीसी: ने उस पर अपनी मुहर लगा दी है।
लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज और राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरूण जेटली द्वारा विरोध किए जाने पर उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन उनका व्यक्तिगत विचार है कि लोकपाल विधेयक के पारित नहीं होने तक सीबीआई जैसे महत्वपूर्ण संगठन को नेतृत्वविहीन नहीं रखा जा सकता।
उन्होंने कहा कि लोकपाल बिल का राज्यसभा में क्या हश्र हुआ यह सभी उस समय देख चुके हैं।
इससे पहले, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं यशवंत सिन्हा और रामजेठमलानी द्वारा भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के इस्तीफे की मांग का भी उन्होंने पक्ष लिया था।
गौरतलब है कि भाजपा सांसद रामजेठमलानी ने सीबीआई निदेशक की नियुक्ति को लेकर अपनी पार्टी की ओर से केंद्र सरकार पर किए गए हमले की कल आलोचना की थी और कहा था कि सरकार के इस फैसले ने राष्ट्रीय आपदा को टाला है।