केंद्रीय मंत्रिमंडल में कल बड़े फेरबदल की तैयारी पूरी हो चुकी है जिसमें कम से कम 10 नये चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है । साथ ही, कुछ राज्यमंत्रियों की पदोन्नति हो सकती है और आनंद शर्मा को विदेश मंत्रालय का जिम्मा दिया जा सकता है ।
गुलाम नबी आजाद के स्वास्थ्य मंत्रालय से पेट्रोलियम मंत्रालय में जाने की संभावना है । वह एस जयपाल रेड्डी की जगह ले सकते हैं जिन्हें मानव संसाधन मंत्रालय भेजा सा सकता है ।
कपिल सिब्बल के मानव संसाधन विकास मंत्रालय छोड़ने और टेलीकॉम पास में रखने की उम्मीद है ।
फेरबदल में कई राज्यमंत्रियों की पदोन्नति हो सकती है। पिछले आठ वर्षों से एचआरडी मंत्रालय में राज्यमंत्री एनटीआर की बेटी डी पुरंदेश्वरी को वाणिज्य मंत्रालय दिया जा सकता है जो फिलहाल आनंद शर्मा के जिम्मे है।
59 साल के शर्मा को कृष्णा की जगह विदेश मंत्रालय का कार्यभार सौंपे जाने की संभावना है। वह संप्रग एक में विदेश मंत्रालय में राज्यमंत्री रह चुके हैं।
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री की दौड़ में पिछड़ने और बागी तेवर अपनाने वाले कृषि राज्यमंत्री हरीश रावत को कैबिनेट पद दिया जा सकता है। उन्हें स्वास्थ्य मंत्रालय सौंपा जा सकता है।