बीजिंग, 20 अक्तूबर :भाषा: चीन की 80 फीसदी से अधिक आबादी को वर्ष 1962 में भारत के साथ हुए युद्ध की जानकारी नहीं है और वह चाहते हैं कि दोनों देश टकराव की छाया से बाहर निकलें।
सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स द्वारा सात बड़े शहरों में भारत चीन युद्ध के 50 बरस पूरे होने पर किए गए सर्वे में कहा गया है कि मात्र 15 फीसदी प्रत्युत्तरदाताओं को 1962 के युद्ध की जानकारी है।
अखबार के अनुसार, सर्वे यह पता लगाने के लिए किया गया कि इस युद्ध को चीनी किस तरह याद करते हैं और अब भारत के बारे में उनका क्या नजरिया है।
ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, सर्वे पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली जबकि एक अमेरिकी एजेंसी द्वारा इसी तरह कराए गए सर्वे में नकारात्मक परिणाम मिले थे।
सर्वे में कहा गया है कि 80 फीसदी चीनियों ने भारतीयों के बारे में तटस्थ या सकारात्मक राय जाहिर की जबकि ज्यादातर चीनी मानते हैं कि दोनों पड़ोसी देश युद्ध की आशंका से दूर हो सकते हैं।
अखबार में कहा गया है कि भारत के बारे में धारणा पूछने पर 78 फीसदी चीनियों ने कहा कि इस पर उनका रूख तटस्थ है और केवल 16.4 ने इस देश के प्रति अरूचि जताई।
ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, सर्वे में यह भी कहा गया कि 50 फीसदी से थोड़े ज्यादा प्रत्युत्तरदाताओं को लगता है कि चीन और भारत की सीमाओं पर सैन्य टकराव की आशंका है जबकि 39 फीसदी से अधिक ने सर्वे में कहा कि ऐसे टकराव की आशंका बहुत ही कम है। करीब 17 फीसदी लोगों ने टकराव की आशंका को खारिज कर दिया।
जारी भाषा