आतंकवादियों ने आज श्रीनगर के बाहरी हिस्से में स्थित एक जाने-माने होटल के पास सेना के काफिले पर गोलीबारी की जिसमें होटल के एक कर्मचारी की मृत्यु हो गई और दो अन्य घायल हो गए। गत मई के बाद से इस तरह का यह पहला हमला है।
पुलिस ने बताया कि तीन से पांच की संख्या में आए आतंकवादियों ने तकरीबन अपराह्न चार बजकर 20 मिनट पर परीमपोरा-पंथ चौक बाईपास रोड पर लसजान के निकट सिल्वर स्टार होटल के निकट सेना के काफिले पर अंधाधुंध गोलीबारी की। किसी भी समूह ने अब तक हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
उन्होंने बताया कि आतंकवादियों की गोलीबारी में चार सितारा होटल के कर्मचारी फारूक अहमद की मृत्यु हो गई और दो अन्य लोग घायल हुए हैं।
एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गोलीबारी की घटना की शुरूआती जांच में पता चला है कि आतंकवादियों ने राजमार्ग पर हमला की योजना बनाई थी लेकिन वह सफल नहीं रहा।