लाहौर हाई कोर्ट परिसर के समीप आज अग्यात हमलावरों ने अल्पसंख्यक शिया समुदाय के नेता एवं एक वरिष्ठ वकील की गोली मार कर हत्या कर दी ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पंजाब प्रांत की राजधानी लाहौर के जैन मंदर के पास स्थित अपने चेम्बर से सैयद शकीर अली रिजवी जैसे ही बाहर निकले मोटरसाइकिल पर सवार दो बंदूकधारियों ने उनके वाहन को रोका ।
बंदूकधारियों ने रिजवी की कार पर गोलियां चलाईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई । पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो गए ।
घटना लाहौर हाई कोर्ट परिसर से थोड़ी ही दूरी पर हुई ।
रिजवी पाकिस्तान पीस एण्ड हार्मोनी नेटवर्क के सक्रिय सदस्य हैं और वह पाकिस्तान सिपह-ए-मोहम्मद के नेता गुलाम रजा नकवी के मुकदमे की पैरवी कर रहे हैं ।
पुलिस ने कहा कि अभी तक रिजवी की हत्या के कारणों का पता नहीं चला है । लेकिन उनके रिश्तेदारों ने इसमें सामुदायिक तत्वों के शामिल होने की आशंका जताई है ।
किसी संगठन ने अभी तक इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन शियाओं पर इस प्रकार के हमलों के लिए आमतौर पर प्रतिबंधित संगठन लश्कर ए झांग्वी को जिम्मेदार माना जाता है ।
घटना के बाद अदालत परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है ।
हाई कोर्ट बार ऐसोसिएशन ने ऐलान किया कि वह वकील की हत्या के विरोध में अदालतों का बहिष्कार करेगी ।