हालीवुड स्टार ऐंजेलिना जॉली ने सीरियाई शरणार्थियों की दयनीय हालत के प्रति दुनिया का ध्यान आकर्षित करने के मकसद से लेबनान में सीरियाई शरणार्थियों से मुलाकात की।
37 वर्षीय अभिनेत्री ने बेरूत में आज प्रधानमंत्री नजीब मिकाती से भी मुलाकात की । अमेरिकी पत्रिका ने यह जानकारी दी है ।
मिकाती से अपनी मुलाकात के बाद संवाददाता सम्मेलन में जॉली ने कहा, सीरियाई परिवारों से शरणार्थी शिविरों के बजाय उनके घरों में उनसे मिलकर मैं बहुत प्रभावित हुई हूं ।
जॉली ने सीमावर्ती कस्बों का भी दौरा किया और कई शरणार्थियों के घरों और उनके मेजबानों से जाकर मिलीं । उनके साथ संयुक्त राष्ट्र उच्चायोग के शरणार्थी मामलों के उच्चायुक्त एंतोनियो गुटर्स भी थे ।