एक अफगान नागरिक को नकली टिकट और जाली पहचानपत्र के साथ इंदिरा गांधी अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल तीन में घुसने पर गिरफ्तार कर लिया गया।
अफगानिस्तान में काबुल का रहने वाला समीर बशीर अहमद उर्फ समीर उर्फ डाक्टर सैम छह माह के पर्यटन वीजा पर भारत आया था। उसे शनिवार को उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह गेट नंबर आठ के जरिए टर्मिनल की इमारत से बाहर आने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जब गेट पर तैनात सीआईएसएफ के जवान ने उससे टर्मिनल से बाहर आने की वजह पूछी और उससे अपना पहचानपत्र दिखाने को कहा तो उसने किसी और व्यक्ति का वोटर आई कार्ड और एयर इंडिया की एक रद्द टिकट दिखा दी।
गिरफ्तारी की आशंका होने पर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे प्रस्थान रैंप से पकड़ लिया गया।
पुलिस को उसके पास से दो मोबाइल फोन मिले हैं।