जापान की सुजुकी मोटर कार्प के चेयरमैन ओसामू सुजुकी मारुति सुजुकी के हिंसाग्रस्त मानेसर संयंत्र में स्थिति का जायजा लेंगे और हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा से मुलाकात करैंगे। आसामू कल यहां आ रहे हैं।
कंपनी के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, सुजुकी अपनी एक सप्ताह की भारत यात्रा के दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मिलेंगे और 28 अगस्त को सुजुकी मोटर कार्प की अनुषंगी मारुति सुजुकी की वार्षिक आम सभा में शामिल होंगे।
एक सूत्र ने कहा, वह :सुजुकी: 23 अगस्त को सुबह गुड़गांव में मारुति सुजुकी इंडिया के कर्मचारियों और प्रबंधन के साथ एक आंतरिक बैठक करेंगे। वह मानेसर संयंत्र में हिंसा में घायल हुए कर्मचारियों से भी मिलेंगे।
सुजुकी द्वारा 24 अगस्त को मोदी से मुलाकात करने का कार्यक्रम है और इसके अगले दिन वह मेहसाणा के निकट 700 एकड़ क्षेत्र का दौरा करेंगे जहां मारुति सुजुकी इंडिया 4,000 करोड़ रुपये के निवेश से एक नया कारखाना लगा रही है।
सूत्र ने कहा, ऐसी संभावना है कि सुजुकी हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ 26 अगस्त को बैठक के दौरान मानेसर संयंत्र में हिंसा पर चर्चा करेंगे। वह 27 अगस्त को मारुति सुजुकी के वेंडरों से भी मिलैंगे।
उल्लेखनीय है कि मारुति सुजुकी इंडिया ने एक महीने की तालाबंदी के बाद आज अपने मानेसर संयंत्र में परिचालन दोबारा शुरू कर दिया। 18 जुलाई को हिंसा के बाद संयंत्र को बंद कर दिया गया था।