अमेरिका और अन्य बाजारों से मांग में बढ़ोतरी के मद्देनजर भारत का चमड़ा उत्पाद निर्यात वित्त वर्ष 2012-13 में 20 फीसद बढ़ने की उम्मीद है।
चमड़ा निर्यात परिषद के मुताबिक 2011-12 के दौरान देश का चमड़ा उत्पाद निर्यात सालाना स्तर पर 29 फीसद बढ़कर 4.5 अरब डालर हो गया।
वाणिज्य सचिव एस आर राव ने भारतीय अंतरराष्ट्रीय चमड़ा मेला और इतालवी मेले के उद्घाटन के मौके पर कहा चमड़ा उत्पाद का निर्यात 20 फीसद से अधिक बढ़ने की उम्मीद है क्योंकि उद्योग में उछाल है।
परिषद ने कहा कि हालांकि, फिलहाल नरमी की स्थिति है लेकिन अमेरिका और यूरोप जैसे बाजारों से मांग बढ़ रही है।
चमड़ा निर्यात परिषद :सीएलई: के अध्यक्ष रफीक अहमद ने कहा इन बाजारों से आर्डर में सुधार हुआ है। निर्यातको को अगली गर्मी के लिए बुकिंग मिल रही है। इसलिए हमें उम्मीद है कि आने वाले महीनों में अच्छी बढ़ोतरी होगी।