भारतीयों में बढ़ा कमाई का भरोसा : सर्वे | बीएस संवाददाता / कोलकाता June 02, 2014 | | | | |
स्टैंडर्ड चार्टर्ड के मुताबिक उभरते बाजारों वाली अर्थव्यवस्था के उपभोक्ताओं में अपने देशों की आर्थिक वृद्धि को लेकर आत्मविश्वास बढ़ा है। वे अपनी निजी सफलता के प्रति बेहद आशावादी हैं। साथ उनके पास अपनी नवनिर्मित धन संपत्ति को खर्च करने के लिए स्पष्टï महत्वाकांक्षाएं भी हैं। इस बैंक ने अपनी ओर से एक स्वतंत्र शोध कराया है। स्टैंडर्ड चार्टर्ड के पांच प्रमुख बाजार भारत, इंडोनेशिया, नाइजीरिया, घाना और केन्या के धनवान और उभरते धनी ग्राहकों के बीच यह शोध किया गया है। स्टैंडर्ड चार्टर्ड ने आज कहा कि इस शोध के जरिए इन बाजारों के उपभोक्ताओं की महत्वाकांक्षाओं का एक नया पक्ष सामने आया है। जिसमें उनकी यात्राओं की भूख, नई कार में निवेश, अपनी संपत्ति की वृद्धि और लग्जरी वस्तुओं की खरीदारी शामिल है।
उदाहरण के लिए शोध में यह तथ्य सामने आया है कि 10 में से 8 भारतीय अगले पांच सालों में धनवान बनने की उम्मीद कर रहे हैं। साथ ही शोध के अनुसार भारतीय और इंडोनेशियन लोग स्थानीय कंपनी के साथ काम करना चाहते हैं, जबकि अफ्रीकन मध्यवर्गीय लोगों की बड़ी आबादी ने स्वरोजगार को प्राथमिकता दी है। स्टैंडर्ड चार्टर्ड के मुताबिक, 'उभरते बाजारों के उपभोक्ताओं के पास एक आत्मविश्वास भरा नजरिया है, साथ ही ज्यादातर भारतीय, इंडोनेशियाई और नाइजीरियाई नागरिक अपने बाजारों में आर्थिक वृद्धि बरकरार रहने की उम्मीद कर रहे हैं।'
|