राजस्थान में नई सरसों की आवक शुरू हो गई है और विभिन्न मंडियों में प्रतिदिन 25-30 हजार बोरी सरसों की आवक हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि इस वर्ष सरसों की गुणवत्ता में कुछ सुधार आया है और प्रति क्विंटल 40 के बजाए 41 किलो तेल मिल रहा है। जयपुर के सरसों व्यापारी अनिल चतर ने बताया कि जनवरी में पूरे राज्य में मावठ होने के कारण नई सरसों की आवक देर से हो रही है। वहीं फसल में भी पूरे भारत में 5 से 10 फीसदी का नुकसान हुआ है, लेकिन इस बारिश ने सरसों की गुणवत्ता में सुधार किया है। इससे नई सरसों में तेल प्रतिशत बढ़ गया है। पहले एक क्विंटल सरसों में 40 किलो तेल मिलता था। अब नई सरसों में 41 किलो तेल की मात्रा है। चतर ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान में 25 हजार, मध्य प्रदेश में 40 हजार और अन्य राज्यों में कुल 25 हजार बोरी नई सरसों की आवक हो रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में पुराने सरसों का स्टॉक 3 से 4 लाख टन है। कोटा मंडी के व्यापारी विशाल गर्ग ने बताया कि कोटा क्षेत्र की मंडियों में इन दिनों 2500 बोरी नई सरसों की आवक हो रही है।
