अंतरिम बजट: कृषि ऋण 7 लाख करोड़ रुपये के पार | |
भाषा / नई दिल्ली 02 17, 2014 | | | | |
वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने आज कहा कि चालू वित्त वर्ष में कृषि ऋण 7,00,000 करोड़ रुपये के पार होने तथा कृषि निर्यात 45 अरब डॉलर से अधिक रहने का अनुमान है।
वित्त वर्ष 2014-15 का अंतरिम बजट पेश करते हुए उन्होंने कहा, 'हमें कृषि के शानदार प्रदर्शन को लेकर गर्व है। कृषि ऋण 7,35,000 करोड़ रुपये पर पहुंचने का अनुमान है जो 7,00,000 करोड़ रुपये के लक्ष्य से अधिक है।'
चिदंबरम ने यह भी कहा कि कृषि निर्यात चालू वित्त वर्ष में 45 अरब डॉलर को पार कर सकता है जो 2012-13 में 41 अरब डॉलर था। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) शासन के दौरान कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन को रेखांकित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा, 'संप्रग-1 के पांच साल के कार्यकाल में कृषि जीडीपी वृद्धि दर 3.1 प्रतिशत रही जबकि संप्रग-2 के पहले चार साल में यह 4 प्रतिशत रही। चालू वित्त वर्ष में कृषि वृद्धि दर 4.6 प्रतिशत रहने का अनुमान है।'
चिदंबरम ने कहा कि कृषि वृद्धि दर में अच्छी वृद्धि की उम्मीद का कारण विभिन्न फसलों का बंपर उत्पादन का अनुमान है। उन्होंने कहा, 'वित्त वर्ष 2012-13 में खाद्यान उत्पादन 25.5 करोड़ टन रहा।चालू वित्त वर्ष में इसके 26.3 करोड़ टन रहने की उम्मीद है। गन्ना, कपास, दलहन, तिलहन का रिकॉर्ड उत्पादन की उम्मीद है।'
बेहतर मानसून के कारण खाद्यान उत्पादन में अच्छी वृद्धि की उम्मीद है।
|