देश भर में चलेंगी 17 नई प्रीमियम एसी स्पेशल ट्रेनें | भाषा / नई दिल्ली February 12, 2014 | | | | |
दिल्ली और मुंबई के बीच प्रीमियम एसी स्पेशल ट्रेन की सफलता से उत्साहित रेलवे ने व्यस्त रूटों पर 17 और ऐसी ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
साथ ही वह दिल्ली से चंडीगढ़ और आगरा के बीच 160 से 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली 'सेमी हाई स्पीड' ट्रेनें चलाने की संभावनाएं तलाशेगा। मुंबई जाने वाली प्रीमियम ट्रेन क्रिसमस और नववर्ष के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ढोती है।
इससे मुंबई राजधानी की तुलना में लगभग 48 फीसदी अधिक आमदनी हुई। इस ट्रेन के लिए किराया डायनेमिक किराया तंत्र स्कीम के तहत लिया जाता है जो एयरलाइनों द्वारा लिए जाने वाले किराए की तर्ज पर है।
रेल मंत्री मल्लिकार्जुन खडगे ने अपने अंतरिम बजट भाषण में कहा कि इस तरह की डायनेमिक किराया दर का यात्रियों और मीडिया ने काफी स्वागत किया है। इस स्कीम को बड़े पैमाने पर चलाने के बारे में विचार किया जा रहा है।
उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों के लिए 17 ऐसी प्रीमियम ट्रेनें चलाने का ऐलान किया। खडगे ने कहा कि किसी सीजन या विशेष मौके पर कुछ ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बेतहाशा बढ़ जाती है। ऐसी स्थिति में यात्री अधिक किराया देने को भी तैयार रहते हैं।
अधिकांश प्रीमियम ट्रेनें साप्ताहिक या सप्ताह में दो बार चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें हावड़ा-पुणे, हावड़ा-मुंबई, कामाख्या-चेन्नई, मुंबई-पटना, निजामुद्दीन-मडगांव, सियालदह-जोधपुर, अहमदाबाद-दिल्ली सराय रोहिल्ला, त्रिवेन्द्रम-बेंगलूर आदि रूटों पर चलेंगी।
कटरा के लिए भी कुछ प्रीमियम ट्रेनें शुरू की जाएंगी। इस पवित्र नगरी में रेल संपर्क जल्द ही शुरू होगा। मंत्री ने 39 नई एक्सप्रेस ट्रेनों, 10 सवारी गाडिय़ों, चार मेमू और तीन डेमू ट्रेनें चलाने का भी ऐलान किया।
|