सोने पर प्रीमियम रह गया आधा | राजेश भयानी / मुंबई November 10, 2013 | | | | |
सोने की कीमतों में करीब 5 फीसदी गिरावट से इसकी हाजिर डिलिवरी के लिए प्रीमियम भी घटकर आधा रह गया है। मुंबई बाजार में दीवाली से एक सप्ताह पहले प्रीमियम 120 डॉलर प्रति आउंस था, जो गिरकर 60-70 डॉलर प्रति आउंस (1,200 रुपये प्रति 10 ग्र्राम) पर आ गया है।
कारोबारियों का कहना है कि दीवाली पर बाजार में तस्करी का सोना बड़े पैमाने पर बिक रहा था, जिससे हाजिर प्रीमियम और कीमतों में गिरावट आई। प्रीमियम में कमी खरीदारों को लुभाने के लिए की गई है। प्रीमियम ऐसे समय कम हुआ है, जब सोने की अंतरराष्ट्रीय कीमतें गिर रही हैं। इसके नतीजतन रुपये में गिरावट के बावजूद भारतीय बाजार में सोने की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार से ज्यादा गिरी हैं।
दीवाली से एक दिन पहले एक समय प्रीमियम 30 डॉलर प्रति औंस भी बोला गया था, लेकिन यह इस स्तर पर नहीं टिका और फिर बढ़ गया। शनिवार को मुंबई के जवेरी बाजार में सोने की कीमतें 10 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़कर 30,790 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुईं, जबकि शुक्रवार को अमेरिका के मजबूत रोजगार आंकड़ों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में 1.5 फीसदी गिरावट दर्ज की गई थी।
यह इस को इंगित करता है कि भारत में प्रीमियम अब भी ज्यादा है। देश में अब भी ज्यादा प्रीमियम होने की वजह आधिकारिक आयात की सुस्त रफ्तार है। कारोबारी अनुमानों के मुताबिक अक्टूबर महीने में देश में 23 टन सोने का आयात किया गया, लेकिन इसमें 13 टन निर्यातकों द्वारा आयात किया गया था और केवल 10 टन घरेलू बाजार में पहुंचा।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की 80:20 की शर्त के अनुसार 100 टन आयात में अधिकतम 80 टन सोने का इस्तेमाल घरेलू उपयोग के लिए किया जा सकता है।
|