महंगे कर्ज से एसएमर्ई का बढ़ेगा मर्ज | बीएस संवाददाता / नई दिल्ली October 30, 2013 | | | | |
छोटे व मझोले उद्योग (एसएमई) को दीवाली से पहले महंगे कर्ज के रूप में बड़ा झटका लगा है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा ब्याज दरें 0.25 फीसदी बढ़ाने से एसएमई की लागत में और इजाफा होने की संभावना है। एसएमई का कहना है कि पहले से कमजोर चल रही मांग में और गिरावट आ सकती है।
दिल्ली लघु उद्योग संघ के पूर्व अध्यक्ष कपिल चोपड़ा ने बिज़नेस स्टैंडर्ड से कहा कि एसएमई क्षेत्र इस समय सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। उसकी लागत लगातार बढ़ रही है और मुनाफा कमजोर हो रहा है। इन हालात में अब कर्ज और महंगा होने के कारण कार्यशील पूंजी की कमी से परेशान उद्योग के लिए कर्ज लेने और मौजूदा कर्ज पर अधिक खर्च करना होगा।
जाहिर है कि उद्योग पर लागत की गाज गिरेगी। चोपड़ा के मुताबिक 0.25 फीसदी कर्ज महंगे होने से लागत 2 से 3 फीसदी बढ़ जाएगी। इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन(आईआईए) के सह अध्यक्ष एन के खरबंदा कहते हैं कि एसएमई त्योहारों पर भी कारोबार कम होने से परेशान है। इन दिनों छोटे उद्यमियों की बहुत बुरी हालत है। कई उद्यमियों ने कर्ज लेकर त्योहारों के दौरान कारोबार के लिए स्टॉक किया था लेकिन सुस्त मांग से स्टॉक बिक नही रहा है।
खरबंदा के मुताबिक कर्ज महंगा होने से मुनाफे में कमी आएगी। न्यू फ्रैंड्स कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी सुरेशचंद गुप्ता कहते हैं कि अगर उद्योग को विकास की पटरी पर वापस लाना है, तो कर्ज सस्ता करना ही होगा।
|