मप्र बना देश का सबसे बड़ा गेहूं निर्यातक राज्य | बीएस संवाददाता / भोपाल March 08, 2013 | | | | |
मध्य प्रदेश देश का सबसे बड़ा गेहंू निर्यातक राज्य बनकर उभरा है। चालू वित्त वर्ष में राज्य से 17 लाख टन गेहूं निर्यात हो चुका है, जो अन्य राज्यों के निर्यात से ज्यादा है।
पिछले तीन वर्षों में राज्य में गेहूं का उत्पादन तेजी से बढ़ा है। पिछले 9 वर्षों के दौरान राज्य में गेहूं उत्पादन में तीन गुना इजाफा हुआ है। गेहूं और धान पर समर्थन मूल्य के अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से दिए जा रहे बोनस के चलते मध्य प्रदेश देश में उत्तर प्रदेश और पंजाब के बाद तीसरा सबसे बड़ा गेहूं उत्पादक राज्य बन गया है। मध्यप्रदेश के गेहूं की उच्च गुणवत्ता के कारण विदेशों में सर्वाधिक मांग है। मार्च माह में प्रदेश के तीन लाख टन गेहूं की अतिरिक्त मांग अन्य देशों से आई है। इसके चलते मध्य प्रदेश अब देश का सबसे बड़ा गेहंू निर्यातक प्रदेश है।
तीन साल पहले राज्य सरकार ने गेहंू पर किसानों को समर्थन मूल्य पर 100 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देकर समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदारी शुरू की थी जिसे इस साल बढ़ाकर 150 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया। इसके चलते पिछले साल राज्य सरकार ने 85 लाख टन गेहंू की खरीदारी सीधे किसानों से की थी।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राज्य सरकार को 23 लाख टन गेहूं की जरूरत होती है शेष केंद्रीय पूल में चला जाता है। इसी गेहूं को राज्य सरकार ने भारतीय खाद्य निगम के सहयोग से निर्यात किया है। आगामी 15 मार्च से प्रारंभ हो रहे गेहूं उपार्जन पर किसानों को 100 के स्थान पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस राशि दी जाएगी।
|