भारती ने पूरी की अफ्रीकी अधिग्रहण की औपचारिकता | बीएस संवाददाता / मुंबई March 27, 2010 | | | | |
दूरसंचार क्षेत्र की सबसे बड़ी भारतीय कंपनी भारती एयरटेल ने शुक्रवार को कुवैत की कंपनी जईन टेलीकॉम की अफ्रीकी परिसंपत्तियों का अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी होने की घोषणा की। यह सौदा कुल 10.7 अरब डॉलर में हुआ।
एयरटेल ने यह भी कहा कि वह जईन के साथ हुए समझौतों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पर काम कर रही है। उम्मीद जताई गई है कि इन समझौतों पर शीघ्र हस्ताक्षर हो जाएंगे। जरूरी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के बाद दोनों कंपनियां आवश्यक मंजूरियां हासिल करने की ओर आगे बढ़ेंगी।
भारती एयरटेल ने कहा है कि उसने इस सौदे के लिए जरूरी 8.3 अरब डॉलर की व्यवस्था कर ली है। उल्लेखनीय है कि भारती एयरटेल और जईन टेलीकॉम ने पिछले महीने इस सौदे के लिए बातचीत शुरू की थी, जो गुरुवार तक जारी रही। इसी महीने की 24 तारीख को जईन ने घोषणा की थी कि उसने अपनी अफ्रीकी परिसंपत्तियों के अधिग्रहण से संबंधित भारती की पेशकश स्वीकार कर ली है।
|