एक करोड़ के मिलावटी पदार्थ जब्त | बीएस संवाददाता / लखनऊ February 28, 2010 | | | | |
होली के मौके पर उत्तर प्रदेश में मिलावटी खाद्य पदार्थों और खाद्य तेलों के खिलाफ शुरू हुए अभियान में अब तक करीब एक करोड़ रुपये से ज्यादा का सामान जब्त किया गया है। इस संबंध में दो दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश पर होली के त्योहार के मौके पर दूध एवं दुग्ध पदार्थों, घी एवं वनस्पति खाद्य तेलों एवं अन्य खाद्य पदार्थों में अपमिश्रण रोकने के लिए गत 22 फरवरी से चलाये जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत 22 फरवरी से 27 फरवरी तक पूरे प्रदेश में 4969 निरीक्षण किये गये तथा 1995 छापे मारे गये।
सूबे की मुखिया के आदेश पर शुरू किया गया यह अभियान 8 मार्च तक चलेगा। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के अन्तर्गत 1912 नमूनों का संग्रह किया गया। इस अभियान में 24 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है तथा 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी गयी।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक 24685 लीटर नकली खाद्य तेल 3473 किलोग्राम नकली घी तथा 10122 किलोग्राम खोया जब्त किया गया है। इसके अतिरिक्त 7606 किलोग्राम दूध एवं दुग्ध पदार्थ तथा 17463 किलोग्राम अन्य खाद्य पदार्थ जब्त किये गये हैं। जब्त किये गये खाद्य पदार्थों का कुल अनुमानित मूल्य 4919731 रुपये है।
खोये और घी के लिये मशहूर बागपत, बदायूं और औरैय्या में करीब 14 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। इसके अलावा इटावा, कन्नौज और सहारनपुर में भी नकली खोया जब्त किया गया है और दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की खोया मंडी में लगातार पड़ रहे छापों के चलते कारोबार आधे से भी कम हो गया है। जेपी नगर जिले में छापों के दौरान पांच लोग मिलावटी मसाला बनाते पकड़े गये। यहां बाकायदा दो फैक्ट्री में मिलावटी मसाला बनाने का काम चल रहा था।
होली का नाजायज फायदा
उप्र की विभिन्न जगहों पर हुई छापेमारी में दो दर्जन लोग हिरासत में
दूध,खोया एवं खाद्य तेलों में मिलावट की शिकायत
लखनऊ में हुई छापेमारी से खोया कारोबार में भारी गिरावट
मिलावटी मसालों की भी शिकायत मिली
|