महिंद्रा सत्यम करेगी 2,000 भर्तियां | के. रजनीकांत / हैदराबाद January 26, 2010 | | | | |
आईटी कंपनी महिंद्रा सत्यम (पूर्व में सत्यम कंप्यूटर सर्विसेस) विस्तार की योजना के तहत 2,000 लोगों की भर्तियां करने जा रही है।
नई भर्तियों में फ्रेशर्स और अनुभवी, दोनों लोगों को जगह दी जाएगी। कंपनी अपने ग्राहकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर नई नियुक्तियां करेंगी। महिंद्रा सत्यम सुधार की राह पर आगे बढ़ रही है। कंपनी को नए मालिक टेक महिंद्रा से विशेषज्ञ पेशेवरों की भर्ती की अनुमति मिल चुकी है। अनुभवी लोगों में वचुर्अल पूल से बाहर के लोगों की भर्ती की जानी है।
कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि बिज़नेस स्टैंडर्ड को बताया कि स्थिति में अब सुधार हो रहा है और कारोबारी गतिविधियों में भी तेजी आ रही है। ऐसे में कारोबार के विस्तार और जरूरत को ध्यान में रखते हुए कंपनी नई भर्तियां करने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने बताया कि कंपनी करीब 2,000 लोगों की भर्तियां करेगी, जिनमें वैसे अनुभवी लोग शामिल होंगे, जो हमारे पूल में मौजूद नहीं हैं। महिंद्रा सत्यम के अधिकारी ने बताया कि कंपनी मुख्य रूप से बैंकिंग, बीमा और हेल्थकेयर क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए नए लोगों को नौकरी देगी। उन्होंने बताया कि कंपनी का कारोबार बढ़ रहा है। ऐसे में वह अगले वित्त वर्ष से भर्तियां करेगी और इसके लिए कैंपस का भी रुख कर सकती है।
भर्ती योजना के तहत महिंद्रा सत्यम उन लोगों को भी कंपनी में नियुक्त करने की योजना बना रही है, जिन्हें कंपनी की ओर से 2008 में ऑफर लेटर दिया गया था लेकिन वित्तीय संकट के कारण उन्हें नौकरी पर नहीं रखा जा सका था।
हाल ही में कंपनी की ओर से आयोजित ऑनलाइन परीक्षा में करीब 3,000 फ्रेशर्स ने हिस्सा लिया। कंपनी के अधिकारी ने बताया कि परीक्षा में शामिल योग्य उम्मीदवारों को कंपनी में नियुक्त किया जाएगा।
|