सीडीएन में एयरटेल-लाइमलाइट साथ-साथ | लेस्ली डिमोंटी / मुंबई January 23, 2010 | | | | |
निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने देश में सामग्री आपूर्ति यानी कंटेंट डिलिवरी नेटवर्क (सीडीएन) लॉन्च करने के लिए लाइमलाइट नेटवर्क्स के साथ गठजोड़ किया है।
राजस्व के लिहाज से लाइमलाइट दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी सीडीएन कंपनी है। भारती एयरटेल भारतीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के बीच मल्टी मीडिया सामग्री उपलब्ध कराने में मदद करना चाहती है।
भारती एयरटेल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (वैश्विक डाटा कारोबार) अजय चित्कारा के मुताबिक गठजोड़ के तहत मुंबई और चेन्नई में सर्वर स्थापित किया जाएगा जो एयरटेल के मौजूदा नेटवर्क ढांचे में इजाफा करेगा। यह ढांचा इन दो शहरों में अंतरराष्ट्रीय केबल लैंडिंग स्टेशनों के जरिए कंपनी की समुद्रतल में केबल तक पहुंच मुहैया कराएगा।
फ्रोस्ट ऐंड सुलिवेन एनेलिस्ट्स के मुताबिक एक सीडीएन व्यवस्था दरअसल तकनीक और सेवाओं से मिलकर बनी है। यह मूल सर्वर से अंतिम इस्तेमालकर्ता तक सामग्री यानी कंटेंट का तेज और अबाधित प्रवाह सुनिश्चित कराती है।
दुनिया में करीब 20 सीडीएन विक्रेता हैं। इसमें अकामाइ, इंटरनेप, लाइमलाइट नेटवर्क्स, सिंककास्ट, बिटग्रेविटी, वेलोसिक्स और एमेजन जैसे बड़े नाम शामिल है। 2014 तक सीडीएन सेवाओं के लिए एशियाई बाजार करीब 35 करोड़ डॉलर का होगा, वहीं भारत का सीडीएन बाजार 10 करोड़ डॉलर हो सकता है।
|