ल्योंडेल बेसल में बढ़ाया आरआईएल ने तेल | बीएस संवाददाता / मुंबई January 09, 2010 | | | | |
लगता है कि पिछले चार महीनों में दो बार ट्रेजरी शेयर बेचकर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने पर्याप्त रकम जुटा ली है।
निजी क्षेत्र में देश की इस सबसे बड़ी कंपनी ने हाल ही में ट्रेजरी शेयर बेचकर 5,800 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसके बाद उसने ल्योंडेल बेसल को लपकने के लिए अपनी पेशकश बढ़ा दी है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल में छपी खबर के मुताबिक दिवालिया होने के बाद पटरी पर आने के लिए संघर्ष कर रही ल्योंडेल बेसल में महत्वपूर्ण हिस्सेदारी हासिल करने के लिए कंपनी अब 1,355 करोड़ डॉलर भी देने के लिए तैयार हो गई जबकि पहले कंपनी 1,200 करोड़ डॉलर की बोली लगा रही थी।
यह बात अगल है कि रिलायंस की ताजा पेशकश भी ल्योंडेल बेसल के कर्ताधर्ताओं को नहीं लुभा पाई है। बेसल के बोर्ड ने आरआईएल की ताजा पेशकश को खारिज कर दिया है। जिसमें रिलायंस द्वारा 225 करोड़ डॉलर के शेयर खरीदे जाने की बात है। वॉल स्ट्रीट जर्नल में रिलायंस के किसी करीबी के हवाले से यह खबर छपी है।
खबर में यह भी कहा गया है कि अगर रिलायंस इस दिवालिया कंपनी में नियंत्रण लायक हिस्सेदारी हासिल नहीं कर पाती है तो कंपनी कम हिस्सेदारी खरीदने के लिए भी तैयार हो सकती है। रिलायंस की इन बोलियों के बीच ल्योंडेल बेसल के प्रबंधन ने कंपनी को पटरी पर लाने के लिए एक दूसरा फॉर्मूला भी तैयार किया है।
इसके तहत कंपनी के पुराने मालिक और दो अन्य निवेशकों द्वारा 250 करोड़ डॉलर की नकदी लगाने की बात भी पिछले महीने सामने आई थी। दिवालिया हो चुकी इस कंपनी ने कहा कि इस योजना के लिए 'पर्याप्त नकदी समर्थन' मौजूद है। कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा है कि हम अपने इस प्रस्ताव पर सहमति बनाने पर जोर दे रहे हैं।
इस पूरे मामले पर रिलायंस के प्रवक्ता ने किसी भी टिप्पणी से इनकार कर दिया। ल्योंडेल बेसल के ज्यादातर शेयरधारकों ने रिलायंस के मूल्यांकन को कम आंका है। कंपनी इसकी वैल्यू 1,555 करोड़ डॉलर बता रही है। रिलायंस ल्योंडेल बेसल को बेहद अहम मानकर चल रही है।
के आर चोक्सी शेयर्स ऐंड सिक्योरिटीज में मुख्य कार्याधिकारी देवेन चोक्सी का कहना है, 'रिलायंस किसी भी तहर ल्योंडेल बेसल को हासिल करना चाहती है क्योंकि इससे तीन महाद्वीपों में उसे बड़ा ग्राहक आधार और फैक्ट्रियां मिल जाएंगी।' उनका कहना है कि ज्यादा रकम जुटाकर रिलायंस अपनी बोली और बढ़ा सकती है।
ल्योंडेल बेसल को लपकने के लिए बोली बढ़ाई आरर्आएल ने
अब 1,355 करोड़ डॉलर भी देने के लिए तैयार है कंपनी
ल्योंडेल बेसल के बोर्ड ने नकारी आरआईएल की पेशकश
बेसल मिलने से तीन महाद्वीपों में मजबूत होगी रिलायंस
अपनी बोली और बढ़ा सकती है आरआईएल
|