केजी बेसिन में आरआईएल को तीसरी सफलता | बीएस संवाददाता / मुंबई December 22, 2009 | | | | |
देश के निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी और मुकेश अंबानी की प्रवर्तक कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) को नेल्प-5 के केजी-डीडब्ल्यूएन-20031 (केजी-5-डी3) ब्लॉक में उत्खनन कार्य के दौरान तीसरा गैस भंडार मिला है।
कंपनी ने घोषणा की है कि गहरे पानी का यह ब्लॉक, केजी-डीडब्ल्यूएन-20031 कृष्णा बेसिन में बंगाल की खाड़ी में तट से लगभग 45 किलोमीटर दूर स्थित है। यह ब्लॉक 3,288 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है। आरआईएल की इसमें 90 फीसदी भागीदारी है, जबकि बाकी की हिस्सेदारी हार्डी एक्सप्लोरेशन ऐंड प्रोडक्शन इंडिया इंक के पास है।
केजीवी-डी3-आर1 कुआं इस ब्लॉक का तीसरा कुआं है, जिसकी खुदाई 1982 मीटर गहरे पानी में की गई। इस कुएं की कुल गहराई 4113 मीटर मापी गई है। इन भंडारों में संभावनाओं का आकलन वायर-लाइन आधारित तकनीक, रिजर्वर कैरेक्टराइजेशन इमेजर(आरसीआई) के जरिये किया गया था।
'धीरूभाई-44' नाम वाली इस खोज के बारे में भारत सरकार और हाइड्रोकार्बन महानिदेशक को सूचना दी जा चुकी है। इस खोज के व्यवसायीकरण की संभावनाओं का पता और अधिक आंकड़ों और विश्लेषकों के मिलने पर ही चलेगा। यह खोज इस ब्लॉक में पेट्रोलियम तंत्र को लेकर आरआईएल की समझ को बताती है।
|