दिल्ली मेट्रो से उतरे श्रीधरन! | बीएस संवाददाता / नई दिल्ली July 13, 2009 | | | | |
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रमुख ई श्रीधरन ने आज मेट्रो का निर्माणाधीन पुल गिरने से छह लोगों की मौत की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा दे दिया।
हालांकि दिल्ली सरकार ने इस्तीफे पर कोई फै सला नहीं लिया है, माना जा रहा है कि उनका इस्तीफा अस्वीकार कर दिया जाएगा। इत्तेफाक की बात है कि आज श्रीधरन का जन्मदिन भी है और वह 77 साल के हो गए। उन्होंने केंद्रीय सचिवालय से बदरपुर के बीच बन रही मेट्रो लाइन पर लाजपत नगर में दुर्घटनास्थल का दौरा करने के बाद अपने इस फैसले की घोषणा की।
उन्होंने कहा, 'दिल्ली मेट्रो का प्रमुख होने के नाते मैं दुर्घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेता हूं। इसीलिए मैंने इस्तीफा देने का फैसला किया है और मैंने उपराज्यपाल तेजिन्दर खन्ना और मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। '
गौरतलब है पिछले आठ महीने में मेट्रो परियोजना में यह दूसरी गंभीर दुर्घटना है। इससे पहले आनंद विहार-इंद्रप्रस्थ मेट्रो लाइन पर भी सुबह के समय लक्ष्मी नगर में निर्माणाधीन पुल गिर गया था। श्रीधरन के इस्तीफे पर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के प्रधान सचिव पी के त्रिपाठी ने कहा कि श्रीधरन के इस्तीफे को लेकर हम जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा, 'हमें सोचना होगा कि दिल्ली के लिए क्या बेहतर है। राष्ट्रमंडल खेल काफी नजदीक हैं, समय पर काम पूरा करना है। हमें इन सब पर पहलूओं पर विचार करना होगा और कोई फैसला करने के पहले सभी मुद्दों पर विचार विमर्श करना होगा।' अलबत्ता दुर्घटना की जांच के लिए पांच सदस्यों की समिति बना दी गई है।
|