व्हाइट हाउस ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर ऊर्जा को हथियार बनाने का आरोप लगाया है। बता दें, हाल ही में पुतिन ने पश्चिम देशों की ऊर्जा आपूर्ति बंद करने का ऐलान किया था, जिसके एक दिन बाद में व्हाइट हाउस ने पुतिन को लेकर ये बड़ा बयान जारी किया है।पुतिन ने बुधवार को धमकी दी थी कि अगर अमेरिका रूसी निर्यात की कीमतों को नियंत्रित करने की कोशिश करेगा, तो वह पश्चिम को ऊर्जा आपूर्ति देना बंद कर देंगे। साथ ही रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई तब तक जारी रहेगी, जब तक कि उनका लक्ष्य पूरा नहीं हो जाता। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरेन जीन-पियरे ने बुधवार यानी 7 सितंबर को संवाददाता सम्मेलन में कहा, ''इससे पता चलता है कि पुतिन एक बार फिर अपने शब्दों और अपने कार्यों से ऊर्जा को हथियार बना रहे हैं।“ उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और यूरोप में अमेरिका के सहयोगियों ने पहले ही इस कदम की भविष्यवाणी की थी। “हम इस स्थिति के लिए महीनों से तैयारी कर रहे हैं। हमने मूल्य सीमा तय करने के विभिन्न विकल्पों पर चर्चा की है,'' कैरेन जीन-पियरे ने कहा। वहीं रूस के यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई के बाद से अमेरिका समेत कई पश्चिमी देश इस हमले के खिलाफ सख्त रवैया अपनाए हुए हैं और उन्होंने रूस पर कई आर्थिक प्रतिबंध भी लगाए हैं। लेकिन इन सब पाबंदियों के बाद भी रूस यूक्रेन के खिलाफ अपना अभियान जारी रखे हुए है।
