इटली के मिलान शहर में होने जा रहे सम्मेलन गैसटेक मिलान-2022 में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी 5-7 सितंबर के दौरान एक आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। सरकार ने आज यह जानकारी दी। गैसटेक विश्व का सबसे बड़ा सालाना सम्मेलन है। इसमें तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) को अबेटेड ब्रिज फ्यूल के रूप में इस्तेमाल पर ध्यान केंद्रित किया जाता है। ब्रिज फ्यूल सरकार या कार्पोरेशन द्वारा वर्गीकृत ईंधन होते हैं। कम अवधि के लिए ग्रीन हाउस गैस घटाने के लक्ष्य को लेकर इनका इस्तेमाल कोयले से बिजली बनाने की जगह पर किया जाता है। उम्मीद की जा रही है कि इन ईंधनों के इस्तेमाल से कुछ समयावधि के लिए या दीर्घावधि के हिसाब से ग्रीनहाउस गैस में कमी आएगी। इन 4 दिनों तक चलने वाले सम्मेलन व प्रदर्शनी में मंत्रालय के अधिकारियों के अलावा इस क्षेत्र में काम करने वाली भारतीय कंपनियां भी भाग लेंगी।
