भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता राजा सिंह को एक धर्म विशेष के खिलाफ विवादित टिप्पणी करने के आरोप में मंगलवार को हैदराबाद में गिरफ्तार कर लिया गया। भाजपा विधायक ने स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी की आलोचना करते हुए सोमवार को एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में वह कथित तौर पर एक धर्म विशेष के खिलाफ विवादित टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। भाजपा नेता की गिरफ्तारी की मांग करते हुए समुदाय के कई लोगों ने हैदराबाद के कई हिस्सों में प्रदर्शन किया। ‘ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन’ के सूत्रों ने बताया कि पार्टी के कई विधायक और वृहद हैदराबाद नगर निगम के पार्षद पुलिस थानों पर पहुंचे, वहां प्रदर्शन किया तथा राजा सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। दबीरपुर पुलिस थाने के निरीक्षक जी कोटेश्वर राव ने बताया कि उन्हें सिंह के खिलाफ एक शिकायत मिली है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि भाजपा विधायक ने एक धर्म विशेष के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। गोशामहल से विधायक सिंह ने गिरफ्तारी के दौरान पत्रकारों से कहा कि उन्होंने जिस सोशल मीडिया साइट पर अपना वीडियो साझा किया था, उसने उसे हटा दिया है और वह रिहा होने के बाद इस वीडियो क्लिप का ‘दूसरा हिस्सा’ अपलोड करेंगे। सिंह ने कहा, ‘उन्होंने यूट्यूब से मेरी वीडियो हटा दिया । मुझे नहीं पता कि पुलिस क्या करने जा रही है। जब मैं रिहा हो जाऊंगा तो निश्चित तौर पर वीडियो का दूसरा हिस्सा अपलोड करूंगा। मैं यह धर्म के लिए कर रहा हूं। मैं धर्म के लिए मरने को भी तैयार हूं।
