दिल्ली के फूड हब का होगा कायाकल्प | बीएस संवाददाता / July 25, 2022 | | | | |
दिल्ली सरकार दिल्ली के सभी फूड हब को विश्वस्तरीय पहचान देने की योजना पर काम कर रही है। सरकार ने पहले चरण में पायलट परियोजना के तहत मजनू का टीला और चांदनी चौक को फूड हब के रूप में पुर्नविकसित करने के लिए चुना है। इनमें सड़क, बिजली, पानी, पार्किंग और सफाई का इंतजाम किया जाएगा। साथ ही खाद्य सुरक्षा व स्वच्छता के दिशानिर्देर्शों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इन हब की दुनिया भर में ब्रांडिंग की जाएगी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि दिल्ली को भारत की फूड कैपिटल माना जाता है। दिल्ली के अंदर कई ऐसे फूड हब हैं, जहां दक्षिण भारतीय, मराठी, गुजराती, बंगाली, चाइनीज, इतालवी समेत हर किस्म का खाना मिलता है। इसलिए सरकार ने इन फूड हब को पुनर्विकसित करने की योजना बनाई है।
पहले चरण में दो फूड हब चांदनी चौक और मजनू का टीला को पुनर्विकसित किया जाएगा। मजनू का टीला को ‘दिल्ली के छोटे तिब्बत बाजार’ के रूप में भी जाना जाता है। यह दिल्ली में सबसे तेजी से बढ़ते खाद्य स्थलों में से एक है। चांदनी चौका का खाना भी बहुत प्रसिद्ध है। इन फूड हब के लिए आर्किटेक्ट का चयन करने के वास्ते 6 हफ्ते में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी और आगामी 12 हफ्तों में डिजाइन को अंतिम रूप देकर चयनित फर्म को ठेका दे दिया जाएगा।
|