दिल्ली में 2024 तक होगी बसों की आवश्यकता पूरी | बीएस संवाददाता / नई दिल्ली June 30, 2022 | | | | |
दिल्ली मंत्रिमंडल ने आज कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं जिनमें दिल्ली के शहरी इलाकों में स्मार्ट अर्बन फार्मिंग, 1950 बसें खरीदने और मुफ्त राशन योजना को 30 सितंबर तक बढ़ाने का फैसला शामिल है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि मंत्रिमंडल ने 1,950 बसें खरीदने को मंजूरी दी है। अगले साल सितंबर तक ये पूरी बसें दिल्ली की सड़कों पर दौड़ने लगेंगी। इस समय दिल्ली में करीब 7,200 बसें हैं। सरकार जल्द ही अन्य 4,800 बसों के टेंडर जारी करेगी। आगे कुछ बसें काफी पुरानी होने वाली हैं, जिन्हें सड़क से हटाया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में करीब 11,000 बसों की आवश्यकता है। दिसंबर 2024 तक दिल्ली की सड़कों पर 11,910 बसें होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल ने आज अर्बन फार्मिंग नीति को भी मंजूरी दे दी। इस नीति के तहत अपने घर की खपत या बिजनेस करने के उद्देश्य से जो लोग घर की छत या बालकनी में फल-सब्जियां उगाना चाहते हैं, उनको दिल्ली सरकार प्रशिक्षण देगी। इस नीति का उद्देश्य अर्बन फार्मिंग के प्रति दिल्ली के लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही दिल्ली में ग्रीन जॉब के सृजन को बढ़ावा देना है। दिल्ली वालों के लिए 400 शहरी कृषि जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके तहत 40 मास्टर ट्रेनर्स और 10 हजार लोगों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इंडस्ट्री पार्टनर के माध्यम से 600 उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से 15 हजार लोगों को प्रशिक्षित किया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार कोरोना काल से ही दिल्ली के लगभग 73 लाख लोगों को मुफ्त राशन दे रही है। कोरोना को देखते हुए सरकार ने मुफत राशन योजना को 30 सितंबर तक और बढ़ा दिया है।
|