रियल एस्टेट क्षेत्र में रिकॉर्ड स्तर पर आवास की बिक्री के साथ-साथ वित्त वर्ष के पहले छह महीने की तुलना में वित्त वर्ष 2021-22 (वित्त वर्ष 2022) की दूसरी छमाही में शीर्ष स्तर की रियल एस्टेट कंपनियों की भर्ती 20-50 प्रतिशत अधिक थी। बड़े पैमाने पर की गई यह भर्ती जूनियर स्तर पर हुई और इनमें से अधिकांश भर्ती बिक्री और विपणन (मार्केटिंग) विभाग में की गई थी। इनमें से अधिकांश कंपनियों की वित्त वर्ष 2023 में भी भर्ती करने की योजना है। वित्त वर्ष 2022 में शीर्ष 10 सूचीबद्ध डेवलपरों ने एक साथ 4.5 करोड़ वर्ग फुट की रियल एस्टेट योजनाएं शुरू कीं जबकि वित्त वर्ष 2021 में 3.3 करोड़ वर्ग फुट की योजनाएं शुरू की गई थीं। वित्त वर्ष 2023 में इसके 7 करोड़ वर्ग फुट तक बढ़ने की उम्मीद है। मोतीलाल ओसवाल रिसर्च ने हाल ही में कहा कि डेवलपर वित्त वर्ष 2023 में पूर्व-बिक्री में दो अंकों की वृद्धि का लक्ष्य रखकर चल रहे हैं। गोदरेज प्रॉपर्टीज, ब्रिगेड एंटरप्राइजेज, पूर्वांकरा, प्रेस्टीज एस्टेट्स और श्रीराम प्रॉपर्टीज जैसी कई कंपनियों ने वित्त वर्ष 2022 में बिक्री में रिकॉर्ड तेजी देखी। गोदरेज प्रॉपर्टीज ने वित्त वर्ष 2022 की दूसरी छमाही में 372 कर्मचारियों की भर्ती की थी जो वित्त वर्ष 2022 की पहली छमाही की तुलना में 56 प्रतिशत की वृद्धि दर को दर्ज करता है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2022 में जूनियर स्तर पर 80 प्रतिशत, मध्य स्लॉट में 18 प्रतिशत और वरिष्ठ पदों पर 2 प्रतिशत की नियुक्ति की। गोदरेज प्रॉपर्टीज की मुख्य मानव संसाधन अधिकारी, मेघा गोयल ने कहा, ‘हमारी भर्ती का दायरा बिक्री और विपणन, संचालन और ग्राहक-केंद्रित टीमों वाले विभागों में रहा है। इसके साथ ही समयसीमा के अंदर निर्माण कार्य पर तेजी से जोर देने के चलते भर्ती में वृद्धि हुई है।’ गोयल ने कहा कि वेतन वृद्धि भी 10-12 प्रतिशत के दायरे में हुई जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वालों के वेतन में औसत से अधिक वृद्धि हुई। गोदरेज प्रॉपर्टीज का राजस्व वित्त वर्ष 2022 में 139 प्रतिशत बढ़कर 1,825 करोड़ रुपये हो गया। ब्रिगेड एंटरप्राइजेज के प्रमुख (एचआर और प्रशासन) चिदंबर आर एस ने कहा बताया कि बेंगलूरु स्थित ब्रिगेड एंटरप्राइजेज ने वित्त वर्ष 2022 की दूसरी छमाही में 176 लोगों की भर्ती की और इस तरह इसने पिछले छह महीने में अपनी भर्ती में लगभग 53 प्रतिशत की वृद्धि की जिसमें लगभग 20 प्रतिशत भर्ती वरिष्ठ और मध्यम प्रबंधन स्तरों पर हो रही है। चिदंबर ने कहा कि प्राथमिक भर्ती मुख्य रूप से इंजीनियरिंग / परियोजनाओं, आवास की बिक्री और होटल सेवाओं में हुई। चिदंबर ने बताया, ‘होटल और खुदरा कारोबार में अब व्यापार का स्तर सामान्य हो रहा है जिसके साथ ही नई परियोजना के लॉन्च के साथ ही इसका विस्तार, इसमें विविधता लाने जैसे कदमों के अलावा इन-हाउस निर्माण और नौकरी के बाजार में अनुभवी लोगों की मांग बढ़ रही है और यह भर्ती बढ़ने की गतिविधि के कुछ मुख्य कारण रहे हैं।’ ब्रिगेड इस साल अपने कर्मचारियों में लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। श्रीराम प्रॉपर्टीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुरली एम ने कहा कि पिछले छह महीनों में कंपनी ने देश के विभिन्न स्थानों पर लगभग 180 कर्मचारियों को काम पर रखा है। उन्होंने कहा कि यह लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है जो मुख्य रूप से बिक्री और विपणन विभागों में नजर आ रहा है। उन्होंने कहा, ‘वर्तमान वर्ष के दौरान, हम फ्रेशर सहित लगभग 125 लोगों को भर्ती करने की योजना बना रहे हैं।’ मुरली ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की रीपो दर में वृद्धि का उपभोक्ताओं की खरीद भावना पर न्यूनतम प्रभाव पड़ा और रियल एस्टेट में मांग बढ़ रही है। मुरली ने कहा कि कंपनी में इस साल वेतन वृद्धि 10 प्रतिशत से 20 प्रतिशत के बीच रही है। पूर्वांकरा ने अध्यक्ष और प्रमुख (ह्यूमन कैपिटल) नागेश्वर पी बी का कहना है कि बेंगलूरु की डेवलपर कंपनी पूर्वांकरा ने कैलेंडर वर्ष 2022 की पहली छमाही में भर्ती में साल-दर-साल 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। उन्होंने कहा, ‘हमने भर्ती में महत्त्वपूर्ण वृद्धि देखी है। खासतौर पर पिछले छह महीनों में। रियल एस्टेट क्षेत्र की वृद्धि का प्रतिभाशाली लोगों की भर्ती पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।’ एचआर कंपनी सी ऐंड रिक्रूट के मुख्य कार्यकारी तुषार राठौड़ ने कहा कि रियल एस्टेट कंपनियों ने महामारी के दौरान भी अच्छा प्रदर्शन किया और कीमतों में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि मध्यम आकार की कंपनियां बिक्री टीमों को बढ़ा रही हैं और जिन कंपनियों के पास बहुत सारी जमीन है वे अपने कारोबार विकास और फंड बढ़ाने वाली टीमों को मजबूत कर रही हैं। सी ऐंड रिक्रूट के अनुसार, पिछले दो महीनों में वरिष्ठ स्तर पर नौकरी बदलने वालों के वेतन में औसतन 22 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। एनारॉक प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा कि रियल एस्टेट में कई बड़ी और सूचीबद्ध कंपनियां रियल एस्टेट के आवासीय, वाणिज्यिक और अन्य परिसंपत्ति वर्गों में बढ़ती मांग के कारण ही भर्ती कर रही हैं।
