वित्त वर्ष 22 में 50 अरब डॉलर पार करेगा कृषि निर्यात | संजीव मुखर्जी / नई दिल्ली April 03, 2022 | | | | |
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने आज कहा कि भारत वित्त वर्ष 22 में रिकॉर्ड 50 अरब डॉलर कृषि निर्यात के आंकड़े को पार कर जाएगा और इसमें मोटे अनाज (चावल व गेहूं), समुद्री खाद्यों, मसालों व चीनी की मुख्य भूमिका होगी।
वित्त वर्ष 23 में गेहूं के निर्यात को लेकर गोयल ने कहा कि 1 करोड़ टन से ज्यादा निर्यात का लक्ष्य हासिल किए जाने योग्य है। सूत्रों ने कहा कि केंद्र सरकार को अभी उम्मीद है कि वित्त वर्ष 23 में कुल निर्यात दोगुना होकर करीब 1.5 करोड़ टन हो जाएगा, जो वित्त वर्ष 22 में 7 करोड़ टन था।
गोयल वित्त वर्ष 22 में कुल वाणिज्यिक वस्तुओं का निर्यात सर्वाधिक रहने की घोषणा के लिए बुलाई गई प्रेस कान्फ्रेस को संबोधित कर रहे थे।
गोयल ने कहा, 'ज्यादा कृषि उत्पादों के निर्यात से भारत के किसानों की क्षमता का पता चलता है, जो 1.35 अरब आबादी की जरूरतें पूरी कर रहे हैं और उसके बाद अतिरिक्त उत्पाद का निर्यात शेष दुनिया को किया जा रहा है।'
उन्होंने कहा कि 21 मार्च, 2021 तक कुल कृषि निर्यात करीब 40.35 अरब डॉलर था, जो 21 मार्च, 2022 को ही 48.49 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर चुका है। उन्होंने कहा, 'मुझे विश्वास है कि अगले 10 दिन में निर्यात 50 अरब डॉलर पार कर जाएगा।'
गेहूं निर्यात के बारे में उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश गेहूं निर्यात के बड़े केंद्र बनकर उभर रहे हैं और राज्य सरकारें सक्रियता से निर्यात को प्रोत्साहन दे रही हैं।
|