दफ्तर जाने वालों की बढ़ी तादाद | सचिन मामबटा और कृष्ण कांत / March 14, 2022 | | | | |
वैश्विक महामारी की तीसरी लहर के बाद अर्थव्यवस्था खुलने की वजह से पहले के मुकाबले अब ज्यादा लोग काम के लिए जा रहे हैं। सर्च इंजन गूगल के आवागमन के आंकड़ों के अनुसार विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा कोविड-19 को विश्वव्यापी महामारी घोषित किए जाने से पहले की तुलना में कार्यस्थल आने-जाने का स्तर अब लगभग 19.4 प्रतिशत अधिक है। खुदरा और मनोरंजन केंद्रों पर आना-जाना भी लेखा-जोखा उपलब्ध होने के बाद की किसी भी अवधि के मुकाबले सर्वाधिक रहा।
विमान कंपनियों के यात्रियों की संख्या में इजाफा जारी रहा। नवीनतम सप्ताह के दौरान कुल 18,050 घरेलू उड़ानें हुईं। इन उड़ानों के जरिये 24 लाख यात्रियों को लाया-ले जाया गया।
देश भर में तापमान में इजाफा होने के साथ ही पिछले सप्ताह बिजली उत्पादन में और तेजी आई। 13 मार्च, 2022 को समाप्त होने वाले सप्ताह के दौरान देश भर में बिजली कंपनियों ने प्रतिदिन औसतन 421.8 करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन किया, जो वित्त वर्ष 21 के इसी सप्ताह के दौरान 413.2 करोड़ यूनिट से चार प्रतिशत अधिक रहा। यह उत्पादन वित्त वर्ष 20 के इसी सप्ताह के मुकाबले 24.3 प्रतिशत अधिक तथा साप्ताहिक आधार पर 2.1 प्रतिशत अधिक रहा। महामारी से पहले वाले वर्ष 2019 के मुकाबले इस नवीनतम सप्ताह के दौरान एक सप्ताह पहले की तुलना में पंजीकृत वाहनों की संख्या में काफी अंतर देखा गया। यह अंतर 15.6 प्रतिशत से बढ़कर 20.8 प्रतिशत हो गया है। इस सप्ताह के दौरान कुल 3,48,973 वाहनों का पंजीकरण हुआ।
नवीनतम सप्ताह के दौरान भारतीय रेलवे द्वारा ढुलाई किए गए सामान की मात्रा में 7.83 प्रतिशत की वृद्धि नजर आई। एक सप्ताह पहले यह वृद्धि 7.3 प्रतिशत थी। इन वस्तुओं की ढुलाई से होने वाली कमाई की वृद्धि 9.87 प्रतिशत रही, जबकि पहले यह 12.1 प्रतिशत थी।
ग्लोबल लोकेशन प्रौद्योगिकी फर्म टॉमटॉम इंटरनैशनल के आंकड़ों के अनुसार देश की वित्तीय राजधानी में सोमवार सुबह 9 बजे यातायात की भीड़ ने इजाफे का संकेत दिया। पहले के 46 प्रतिशत की तुलना में यह सामान्य से 43 प्रतिशत कम रहा। नवीनतम सप्ताह के दौरान नई दिल्ली का यातायात सामान्य से 34 प्रतिशत कम रहा, जबकि एक सप्ताह पहले यह सामान्य से 32 प्रतिशत कम था।
साप्ताहिक आधार पर अर्थव्यवस्था की गतिविधि की थाह लेने के तरीके के रूप में बिज़नेस स्टैंडर्ड इन सूचकांकों पर नजर रखता है। विस्तृत अर्थव्यवस्था के आधिकारिक आंकड़े आम तौर पर तीन महीने के अंतराल के बाद जारी किए जाते हैं। दुनिया भर में विश्लेषक इसी प्रकार के सूचकांकों पर नजर रख रहे हैं। इससे कोविड-19 महामारी के बीच जमीनी स्तर पर तेजी से बदलते हालात का आभास मिलता है। यातायात के आंकड़े सोमवार 14 मार्च तक के हैं, जबकि गूगल के आंकड़े 8 मार्च तक के हैं। अन्य सभी आंकड़े रविवार 13 मार्च तक के हैं।
|