जांच समिति ने किया फिरोजपुर का दौरा | भाषा / January 07, 2022 | | | | |
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे के दौरान सुरक्षा में 'गंभीर चूक' की जांच कर रहा केंद्र का एक दल शुक्रवार को फिरोजपुर पहुंचा और उसने वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की, जबकि राज्य सरकार ने केंद्र्र को एक रिपोर्ट सौंपी, जिसमें कहा गया है कि घटना के सिलसिले में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा गठित तीन सदस्यीय समिति ने प्रधानमंत्री के 5 जनवरी के दौरे के दौरान हुए घटनाक्रम की पूरी जानकारी मांगी। पंजाब सरकार ने कहा है कि मोदी की यात्रा के दौरान सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई थी। इसने मामले की जांच के लिए गुरुवार को दो सदस्यीय समिति की घोषणा की थी। समिति से रिपोर्ट तीन दिनों में देने को कहा गया है। पंजाब पुलिस ने बुधवार को मोदी के काफिले को बाधित करने वाले करीब 150 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ फिरोजपुर में एक प्राथमिकी दर्ज भी की है।
बुधवार को फिरोजपुर में प्रदर्शनकारियों द्वारा मार्ग बाधित किए जाने के चलते प्रधानमंत्री का काफिला फ्लाईओवर पर फंसा रहा था, जिसके बाद वह पंजाब में किसी भी कार्यक्रम में शामिल हुए बिना राज्य से वापस लौट आए थे। मोदी के इन कार्यक्रमों में एक रैली भी शामिल थी। तीन सदस्यीय केंद्रीय दल ने कोहरे के बीच शुक्रवार सुबह फिरोजपुर के पास प्याराना फ्लाईओवर का दौरा किया और पंजाब पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत की। समिति का नेतृत्व सचिव (सुरक्षा), कैबिनेट सचिवालय सुधीर कुमार सक्सेना कर रहे हैं और इसके दो अन्य सदस्यों में गुप्तचर ब्यूरो के संयुक्त निदेशक बलबीर सिंह और विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) के आईजी एस सुरेश शामिल हैं। केंद्र ने समिति को जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने को कहा है। जानकारी के अनुसार, गृह मंत्रालय ने प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा में गंभीर चूक को लेकर बठिंडा और फिरोजपुर के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
शीर्ष अदालत ने दिए निर्देश
उच्चतम न्यायालय ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल को पंजाब सरकार, उसकी पुलिस तथा केंद्रीय एजेंसियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया पंजाब दौरे से जुड़े सुरक्षा इंतजामों से संबंधित रिकॉर्ड 'तत्काल' हासिल करने का शुक्रवार को निर्देश दिया। प्रधान न्यायाधीश एनवी रमण, न्यायमूर्ति सूर्यकांत और न्यायमूर्ति हिमा कोहली के पीठ ने पंजाब और केंद्र सरकार की ओर से पेश अधिवक्ताओं से कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे पर हुई चूक की जांच के लिए गठित समितियों से कहें कि वे 'सोमवार तक कोई कार्रवाई ना करे'। इस मामले में सोमवार को आगे सुनवाई की जाएगी।
|