मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों ने बढ़ाई चिंता, पाबंदियां बढ़ाने के संकेत | सुशील मिश्र / December 29, 2021 | | | | |
मुंबई में कोरोना मामलों की बढ़ती रफ्तार तीसरी लहर आने का संकेत दे रही है। संक्रमण के बढ़ते आंकड़ों से चिंतित सरकार मुंबई और महाराष्ट्र में पाबंदियां बढऩे की बात कर रही है। फिलहाल मुंबई में नए साल की पार्टी व उत्साह समारोह पर रोक लगा दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अगले सप्ताह स्कूल, कॉलेज खोलने के बारे में फैसला लिया जाएगा। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने राज्य में कोविड-19 के नए मामलों के साथ ही उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढऩे को लेकर लोगों और अधिकारियों से सावधानी बरतने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पिछले आठ-दस दिन में राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या पांच हजार से छह हजार के बीच रही है। टोपे ने कहा कि मंगलवार को राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 11,492 थी। बुधवार को, यह संख्या 20,000 तक पहुंच सकती है। मंत्री ने कहा कि राज्य में उपचाराधीन मामलों में वृद्धि डराने वाली है। उन्होंने राज्य में मामलों की दर तेजी से दोगुने होने और मुंबई में संक्रमण के मामले बढऩे पर भी चिंता जताई है। मंगलवार को, महाराष्ट्र में कोरोनावायरस संक्रमण के 2,172 नए मामले सामने आए थे जो पिछले दिन के 1,426 मामलों की तुलना में 50 फीसदी अधिक थे। स्वास्थ्य विभाग के मताबिक 22 मरीजों की मौत भी हुई थी। राज्य में कोविड-19 के मामले बढ़कर 66,61,486 हो गए जबकि मृतक संख्या बढ़कर 1,41,476 पर पहुंच गई है।
|