देश में पहली बार असंगठित कामगारों के आंकड़े होंगे। इस मकसद के लिए एक पोर्टल श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव द्वारा गुरुवार को पेश किया जाएगा, जिसमें राज्यों और मजदूर संगठनोंं से तालमेल के साथ सामाजिक कल्याण योजनाओं का एकीकरण होगा। अधिकारियों ने कहा कि सरकार ने ई-श्रम पोर्टल पर असंगठित क्षेत्र के 38 करोड़ कामगारों के पंजीकरण का लक्ष्य रखा है। इन कामगारों में विस्थापित कार्यबल, रेहड़ी वाले, घरों में काम करने वाले कामगारों की श्रेणी के श्रमिक शामिल होंगे। इस पोर्टल पर गिग और प्लेटफॉर्म कामगारोंं के भी आंकड़े होंगे। इस मकसद के लिए श्रम मंत्री ने मंगलवार को एक लोगो पेश किया था। गुरुवार से असंगठित क्षेत्र के कामगार खुद अपना पंजीकरण शुरू कर सकेंगे। इसी दिन राष्ट्रीय टोल फ्री नंबर 14434 भी पेश किया जाएगा, जहां कामगारों को पंजीकरण के सिलसिले में जानकारी दी जाएगी। प्रक्रिया के हिस्से के रूप में कामगारों को ई-श्रम कार्ड जारी किया जाएगा, जिसमें 12 अंक की डिजिटल यूनीक संख्या होगी। कामगार अपने आधार कार्ड नंबर और बैंक खाता संख्या का ब्योरा देकर पंजीकरण करा सकेंगे। इसके अलावा उन्हें जन्म तिथि, गृह जनपद, मोबाइल नंबर और सामाजिक श्रेणी जैसे अन्य ब्योरे भी देने होंगे। इस पूरी परियोजना का मकसद सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का एकीकरण है। राज्य सरकारों व विभागों द्वारा भी कामगारोंं का ब्योरा साझा किया जाएगा।
