चक्रीय शेयरों में गिरावट पर करें खरीदारी | पुनीत वाधवा / मुंबई March 27, 2021 | | | | |
बाजार (बीएसई सेंसेक्स) में मध्य फरवरी के 52 सप्ताह के ऊंचे स्तरों से 7 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट से जेफरीज में इक्विटी रणनीति के वैश्विक प्रमुख क्रिस्टोफर वुड का भरोसा नहीं डगमगाया है। उन्होंने अपनी सप्ताहिक रिपोर्ट 'ग्रीड ऐंड फियर' में निवेशकों को सुझाव दिया है कि उन्हें चक्रीयता क्षेत्रों में गिरावट पर निवेश आवंटन बढ़ाना चाहिए।
वुड ने कहा है, 'चक्रीयता संबंधित कारोबार में कुछ गिरावट दिखी है। ग्रीड ऐंड फियर के नजरिये से यह मुनाफावसूली से ज्यादा कुछ नहीं है, क्योंकि तिमाही के अंत में बड़ी तेजी दर्ज की जाती है। ऐसे कारणों के लिए, ग्रीड ऐंड फियर में गिरावट को चक्रीयता शेयरों में खरीदारी के अवसर के तौर देखा गया है।' फरवरी मध्य के निचले स्तर से, भारतीय बाजारों में बड़ा बदलाव आया है और प्रमुख सूचकांकों में गिरावट आई है क्योंकि देश में कोविड के मामलों में तेजी देखी गई है। इसके अलावा, कमजोर रुझानों से भी धारणा प्रभावित हुई है। फरवरी के निचले स्तर से कोविड मामले तेजी से बढ़े हैं और महाराष्ट्र में इससे लोग ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
वुड के अलावा, क्रेडिट सुइस वेल्थ मैनेजमेंट में विश्लेषकों ने भी चक्रीयता संबंधित शेयरों में निवेश बढ़ाने का सुझाव दिया है, क्योंकि उन्हें 2020 की तरह सख्त लॉकडाउन की आशंका नहीं दिख रही है। इसके बजाय, उनका मानना है कि वित्त वर्ष 2022 में आर्थिक वृद्घि में अच्छा सुधार आ सकता है जिससे उम्मीद से बेहतर कॉरपोरेट आय वृद्घि को बढ़ावा मिल सकता है। वुड का मानना है कि अगले कुछ सप्ताहों में, बाजार अमेरिकी सरकार के राहत पैकेज और बाइडन प्रशासन द्वारा इसके लिए संसद की मंजूरी हासिल करने की कोशिश पर ध्यान लगाए रहेंगे। उनका कहना है कि हालांकि यूरोप में कोविड वैक्सीन पेशकश की धीमी रफ्तार निश्चित तौर पर इस क्षेत्र में आर्थिक सुधार की गति प्रभावित कर सकती है। उन्होंने लिखा है, 'मुख्य जोर आगामी सप्ताहों में लंबित इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोत्साहन को लेकर बाइडन प्रशासन की कोशिश पर रहेगा, जो अब 3 लाख करोड़ डॉलर हो सकता है।'
इस बीच, फिच ने वर्ष 2021 के लिए अमेरिकी जीडीपी वृद्घि का अनुमान 1.7 प्रतिशत अंक तक बढ़ाकर 6.2 प्रतिशत कर दिया है।
|