जनवरी में सोयाखली का निर्यात 484 प्रतिशत बढ़ा | |
रॉयटर्स / मुंबई 02 11, 2021 | | | | |
जनवरी महीने में भारत के सोयाखली निर्यात में पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 484 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और 3,36,390 टन निर्यात हुआ है।
एक उद्योग संगठन ने कहा कि सोयाखली की वैश्विक कीमतें साढ़े छह साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं, जिसकी वजह से एशिया और यूरोप के बाजारों में भारत से आयात लुभावना हो गया है। भारत से होने वाले ज्यादा निर्यात की वजह से एशिया में दक्षिण अमेरिकी खली की आवक कम होगी और स्थानीय सोयाबीन के दाम को समर्थन मिलेगा, भले ही बर्डफ्लू के कारण स्थानीय पशुआहार उद्योग की ओर से मांग में कमी आई है।
सोयाबीन प्रॉसेसर्स एसोसिएशन आफ इंडिया (सोपा) ने एक बयान में बुधवार को कहा कि फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया और बांग्लादेश प्रमुख खरीदार रहे, जिसकी वजह से भारत की सोयाखली की मांग जनवरी में बढ़ी है। सोपा ने कहा कि एक अक्टूबर से शुरू होने वाले 2020-21 विपणन वर्ष के दौरान भारत से सोयाखली का निर्यात पहले चार महीनों में तीनगुना होकर 9,50,134 टन हो गया है।
जनवरी महीने में अमेरिकी सोयाखली फ्यूचर्स साढ़े छह साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। आपूर्ति कम होने और चीन से मांग बढऩे के कारण ऐसा हुआ है।
उद्योग के अधिकारियों के अनुमान के मुताबिक भारत का सोयाखली निर्यात 2020-21 में बढ़कर 20 लाख टन से ऊपर जा सकता है, जबकि पिछले साल 8,25,000 टन निर्यात हुआ था।
|