बर्ड फ्लू की चिंता से पोल्ट्री शेयरों में गिरावट | यश उपाध्याय / मुंबई January 07, 2021 | | | | |
बर्ड फ्लू के नाम से भी चर्चित एवियन इनफ्लूएंजा के प्रसार को लेकर पैदा हुई चिंताओं के बीच पोल्ट्री कारोबार से जुड़ी वेंकीज इंडिया और गोदरेज एग्रोवेट के शेयर पिछले तीन कारोबारी सत्रों में 7 और 2 प्रतिशत गिरे हैं (भले ही सेंसेक्स सपाट बना रहा)।
इस सप्ताह के शुरू में, मत्स्य, पशुपालन एवं डेरी मंत्रालय ने पुष्टि की थी कि राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और केरल से बर्ड फ्लू के मामले दर्ज किए गए हैं। इसके परिणामस्वरूप, राज्य सरकारों और संबद्घ मंत्रालयों ने बर्ड फ्लू के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इस बीमारी को नियंत्रित करने के प्रयास में केरल ने मुर्गियों और बत्तखों को नष्ट करना शुरू कर दिया है, जबकि मध्य प्रदेश ने 10 दिन के लिए इस दक्षिणी राज्य से ऐसे उत्पादों के आयात पर अस्थायी तौर पर प्रतिबंध लगा दिया है। अब तक किसी मानव में यह बीमारी फैलने की खबर नहीं मिली है। विश्लेषकों का कहना है कि हालांकि बड़े पैमाने पर प्रसार और स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव का पोल्ट्री मांग पर नकारात्मक असर पडऩे की आशंका है।
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज में शोध विश्लेषक अनिरुद्घ जोशी ने कहा, 'हमारा अनुमान है कि पोल्ट्री उत्पादों (चिकन/अंडे) की खपत और इनकी कीमतें घट सकती हैं। साथ ही इनके चारे के लिए भी मांग घट सकती है।' जोशी ने कहा कि वित्त वर्ष 2021 की चौथी तिमाही और वित्त वर्ष 2022 की पहली छमाही में पूरी वैल्यू चेन (पोल्ट्री और पोल्ट्री फीड कंपनियों और किसान) का मुनाफा प्रभावित होने की आशंका है।
इसका वेंकीज इंडिया पर नकारात्मक प्रभाव देखा गया है। कंपनी अपना बड़ा राजस्व इस सेगमेंट से हासिल करती है। गोदरेज एग्रोवेट को भी पशुओं को खिलाने के लिए अनाज और पोल्ट्री व्यवसाय पर दबाव का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि उसके विविधीकृत मॉडल की वजह से यह प्रभाव अपेक्षाकृत कम रह सकता है। कंपनी फसल सुरक्षा, डेरी और खा तेल जैसे अन्य व्यवसायों में भी सक्रिय है।
स्पष्ट है कि बर्ड फ्लू वायरस सदियों से दुनियाभर में अपने पांव पसारता रहा है और पिछली सदी में चार बड़ी महामारियां दर्ज की गई थीं। इस बार,यूरोप, दक्षिण कोरिया और जापान में भी बर्ड फ्लू के मामले दर्ज किए गए हैं। खबरों में कहा गया है कि उदाहरण के लिए, फ्रांस करीब 5 लाख पक्षियों को समाप्त कर रहा है।
|