बिजली कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार का दिख रहा असर | बीएस संवाददाता / लखनऊ October 05, 2020 | | | | |
उत्तर प्रदेश में बिजली वितरण के निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार का असर पहले दिन से दिखने लगा है। कई जिलों में बिजली आपूर्ति पर असर पड़ा है तो अनपरा ए व बी ताप बिजलीघरों में उत्पादन ठप हो गया है। राजधानी लखनऊ सहित बड़े शहरों में प्रीपेट मीटर धारकों को रिचार्ज की दिक्कत आई है। निजीकरण के विरोध में उत्तर प्रदेश के बिजली कर्मचारियों के आंदोलन को कई अन्य राज्यों से भी समर्थन मिला है।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के प्रस्ताव के विरोध में प्रदेश के बिजली कर्मचारी और और अभियंता सोमवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं। राजधानी लखनऊ में बिजली विभाग के मुख्यालय शक्ति भवन पर कर्मचारी और अभियंता कार्य बहिष्कार पर हैं। कार्य बहिष्कार के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए शिफ्ट के कर्मचारियों को इससे अलग रखा गया है। हालांकि प्रदेश सरकार ने कार्य बहिष्कार के दौरान बिजली आपूर्ति सामान्य रखने के लिए तमाम व्यवस्थाएं की हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के निजीकरण के विरोध में 15 लाख बिजली कर्मचारी फिलहाल एक दिन के हड़ताल पर हैं। हडताल करने वालों में जूनियर इंजीनियर, उप-विभागीय अधिकारी, कार्यकारी इंजीनियर और अधीक्षण अभियंता शामिल हैं।
बिजली कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर केंद्र ने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो अनिश्चितकाल के लिए काम का बहिष्कार किया जाएगा। कार्य बहिष्कार के दौरान अस्पतालों एवं पेयजल व अन्य आवश्यक सेवाओं की विद्युत आपूर्ति को अलग रखा गया।
|